मिट्टी के सकोरे में पानी डालकर पक्षी बचाने के अभियान में दिया योगदान
- विश्व पृथ्वी दिवस पर विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण की दिलाई शपथ
मंडला महावीर न्यूज 29. उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती कल्पना नामदेव ने छात्रों को संबोधित करते हुए विद्यालय में पॉलिथीन न लाने की सलाह दी और उन्हें प्रकृति के संरक्षण की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में पक्षियों के लिए पानी के सकोरे लगाए गए। इको क्लब के जिला प्रभारी अखिलेश उपाध्याय ने वर्तमान संदर्भ में पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। पर्यावरणविद राजेश क्षत्रि ने छात्रों को विभिन्न पर्यावरणीय गतिविधियों की जानकारी दी और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में श्रीमती सारिका तिवारी और आरके हरदहा भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर मिट्टी के सकोरे में पानी डालकर पक्षी बचाने के अभियान में अपना योगदान दिया। इस पहल के माध्यम से विद्यालय ने छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया।









