रामनगर की प्रसिद्ध चौगान मढिय़ा में भव्य मड़ई का आयोजन
सफेद वस्त्रों में उमड़ा आदिवासी समाज, निकाली गई चंडी यात्रा
- स्वर्ग की सीढ़ी के पूजन के साथ शुरू हुई परंपरा
- मंडला सहित अन्य जिलों व प्रदेशों से पहुंचे श्रद्धालु, मेले में हुई जमकर खरीदारी
मंडला महावीर न्यूज 29. दीपावली पर्व के समापन के साथ ही जिले भर में पारंपरिक मड़ई-मेलों का दौर शुरू हो गया है। प्रतिदिन किसी न किसी ग्राम में लोक संस्कृति से सराबोर मड़ई का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को ऐतिहासिक पर्यटन स्थल रामनगर स्थित प्रसिद्ध चौगान मढिय़ा के समीप भव्य मड़ई का आयोजन किया गया। इसमें आदिवासी समाज के साथ-साथ बड़ी संख्या में अन्य वर्गों के लोग भी शामिल हुए। चौगान सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पारंपरिक रूप से चंडी लेकर पहुंचे। चौगान की मढिय़ा में विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ मड़ई का शुभारंभ किया गया।
चौगान की इस पारंपरिक मड़ई की सबसे बड़ी और अनूठी विशेषता यह है कि इसमें आदिवासी समाज के अधिकांश स्त्री-पुरुष सफेद वस्त्र धारण कर शामिल होते हैं। समाज में सफेद रंग को शांति का प्रतीक और अत्यंत शुभ माना जाता है। यही कारण है कि इस सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन में चारों ओर सफेद वस्त्रों में सजे श्रद्धालु नजर आए। स्थानीय परंपरा के अनुसार, समाज में विवाह जैसे मांगलिक आयोजनों में भी महिलाएं सफेद साड़ी पहनकर ही शामिल होती हैं, जो उनकी समृद्ध और विशिष्ट संस्कृति को दर्शाता है।

कुलदेवी के दर्शन और स्वर्ग की सीढ़ी का किया पूजन
स्थानीय लोगों ने बताया कि चौगान की मढिय़ा को आदिवासी समाज की कुलदेवी माना जाता है। यहां की आस्था इतनी गहरी है कि माता के दर्शनों के लिए केवल मंडला ही नहीं, बल्कि प्रदेश के अन्य जिलों और बाहरी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मढिय़ा परिसर में एक विशेष सीढ़ी स्थित है, जिसे श्रद्धालु आस्थापूर्वक स्वर्ग की सीढ़ी कहते हैं। परंपरा के अनुसार, पहले मढिय़ा और इस सीढ़ी का विधिवत पूजन किया गया, जिसके पश्चात भव्य रूप से चंडी यात्रा निकाली गई।

मेले में उमड़ी भीड़, हुई जमकर खरीदारी
सोमवार को चंडी दर्शन और मड़ई का आनंद लेने के लिए मंडला सहित आसपास के जिलों व ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। हर वर्ष जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों से आए व्यापारियों ने दैनिक उपयोग, श्रृंगार, खिलौनों और खान-पान की तरह-तरह की दुकानें सजाई थीं। मड़ई में आए ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने अपनी आवश्यकता की सामग्रियों की जमकर खरीदारी की, जिससे देर शाम तक मेला स्थल पर रौनक और उत्साह का माहौल बना रहा।










