मवई में आवासीय भूखंड आवंटन पर उठे सवाल

Advertisements

मवई में आवासीय भूखंड आवंटन पर उठे सवाल

बाहरी व्यक्तियों, कर्मचारियों के पुत्रों व आउटसोर्स कर्मियों को लाभ देने की शिकायत

  • मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना में अनियमितता का आरोप
  • ग्राम पंचायत ने की निष्पक्ष जांच और रजिस्ट्री प्रक्रिया पर तत्काल रोक की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के अंतर्गत मवई क्षेत्र में किए गए भूखंड आवंटनों की पारदर्शिता पर अब गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। ग्राम पंचायत क्षेत्र में बाहरी व्यक्तियों, शासकीय आवासों में निवासरत कर्मचारियों के पुत्रों और तहसील कार्यालय में अस्थायी रूप से कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के नाम पर भूखंड प्रमाणपत्र जारी किए जाने की शिकायत सामने आई है। इन आवंटनों की पात्रता और नियमों के पालन को लेकर ग्राम पंचायत मवई के सरपंच संजय भलावी ने तहसील प्रशासन के समक्ष लिखित आपत्ति दर्ज कराते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ग्राम पंचायत की ओर से तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार मवई को सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि योजना के तहत विभिन्न स्थानों पर खाली पड़ी भूमि पर अन्य पंचायत क्षेत्रों के बाहरी व्यक्तियों के नाम भूखंड प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं। इसके अलावा शासकीय आवासों में रहने वाले कुछ कर्मचारियों के पुत्रों और तहसील कार्यालय के अस्थायी आउटसोर्स कर्मचारियों को भी इसका लाभ दिए जाने का मामला सामने आया है। पंचायत ने मांग की है कि सभी हितग्राहियों की वास्तविक पात्रता, निवास, परिवार की स्थिति, आय संबंधी शर्तों और योजना के दिशा-निर्देशों की गहन जांच की जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि आवंटन के समय सही जानकारी दी गई थी या नहीं और राजस्व अधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया अथवा नहीं।

पंचायत प्रांगण से लगी 156 वर्ग मीटर जमीन पर बना व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स 

शिकायत में ग्राम पंचायत प्रांगण से लगी खसरा नंबर 29बी, प्लॉट नंबर 561 की 156 वर्ग मीटर भूमि का मामला भी प्रमुखता से उठाया गया है। यह भूखंड रामकुमार मरकाम पिता मानसिंह मरकाम के नाम पर आवंटित बताया गया है। पंचायत के अनुसार संबंधित व्यक्ति मवई का निवासी नहीं है। इसके बावजूद उक्त भूमि पर सामने की ओर लगभग पांच दुकानों वाला व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और पीछे आवासीय निर्माण कराया गया है। पंचायत ने इस आवंटन की पात्रता के साथ-साथ निर्माण अनुमति और भूमि उपयोग की वैधानिकता की जांच की मांग भी की है।

रजिस्ट्री पर तत्काल रोक और अपात्र आवंटन निरस्त करने की मांग 

ग्राम पंचायत ने तहसील प्रशासन से मांग की है कि जांच पूरी होने तक संबंधित भूखंडों की रजिस्ट्री प्रक्रिया पर नियमानुसार तत्काल रोक लगाई जाए। सभी आवंटन आदेशों, भूखंड प्रमाणपत्रों, आवेदन पत्रों, मतदाता सूची, निवास प्रमाणपत्रों और राजस्व अभिलेखों का सूक्ष्म परीक्षण कराया जाए। पंचायत का स्पष्ट कहना है कि यदि अपात्र व्यक्तियों को या गलत जानकारी के आधार पर भूखंड आवंटित किए गए हैं, तो उन्हें तत्काल निरस्त किया जाए।


Leave a Comment