ड्रोन सर्वे में सूची से गायब हुई स्वामित्व भूमि

Advertisements

ड्रोन सर्वे में सूची से गायब हुई स्वामित्व भूमि

देल्हा के किसान भाई-बहन तहसील व कलेक्ट्रेट के लगा रहे चक्कर

  • सर्वे की त्रुटि से किसान परेशान
  • नैनपुर के देल्हा गांव में स्वामित्व भूमि सूची से नाम गायब

मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर तहसील के अंतर्गत ग्राम देल्हा में राजस्व विभाग द्वारा कराए गए ड्रोन सर्वे में एक किसान की स्वामित्व भूमि सूची से गायब होने का मामला सामने आया है। अपनी जमीन को पुन: रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए किसान भाई-बहन तहसील कार्यालय से लेकर जिला कलेक्ट्रेट तक चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।

जानकारी अनुसार किसानों को नवीन पट्टे जारी करने के उद्देश्य से राजस्व विभाग ने ड्रोन सर्वे के माध्यम से भूमि स्वामियों की पहचान की थी। ग्राम देल्हा के किसान जयराम जंघेला ने बताया कि सर्वे के कुछ समय बाद जब भूमि स्वामियों की सूची सार्वजनिक हुई, तो उसमें उनकी सामिल सरीक भूमि दर्ज नहीं थी और सूची में उनका तथा उनके दो भाई-बहनों का नाम नहीं मिला।

दफ्तरों के चक्कर काटने को विवश परिवार 

जयराम जंघेला और उनके भाई-बहनों का कहना है कि अपनी भूमि को सर्वे सूची में शामिल कराने के लिए वे नैनपुर तहसील से लेकर कलेक्टर कार्यालय तक कई बार आवेदन और गुहार लगा चुके हैं। आरोप है कि उन्हें केवल यहां-वहां भटकाया जा रहा है और भूमि को उनके नाम पर दर्ज करने की ठोस प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। पीडि़त परिवार का कहना है कि सर्वे व प्रशासनिक अमले की त्रुटि का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है।

लोक परोपकारी मंच ने की कार्रवाई की अपील 

इस मामले को लेकर लोक परोपकारी मंच मंडला की टीम ने जिला प्रशासन से संज्ञान लेने की अपील की है। मंच के पीडी खैरवार, चंद्रगुप्त नामदेव, राम सिंह परस्ते और सहजान परस्ते ने मांग की है कि जिले में ड्रोन सर्वे या रिकॉर्ड से जुड़ी ऐसी समस्याओं से जूझ रहे सभी किसानों की पहचान कर शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को न्याय मिल सके।


Leave a Comment