यूथ लीडर्स फेलोशिप में पीएम एक्सीलेंस कॉलेज की 14 छात्राओं का चयन

Advertisements

गोटुल फाउंडेशन की यूथ लीडर्स फेलोशिप में पीएम एक्सीलेंस कॉलेज की 14 छात्राओं का चयन, मिले ऑफर लेटर

  • नेतृत्व विकास और सामुदायिक बदलाव की दिशा में 5 माह काम करेंगी छात्राएं
  • फेलोशिप किट के साथ मुख्य चरण का हुआ शुभारंभ

मंडला महावीर न्यूज 29. गोटुल फाउंडेशन द्वारा रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय मंडला की छात्राओं के लिए संचालित यूथ लीडर्स फेलोशिप के मुख्य चरण का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में चयनित 14 छात्राओं को फेलोशिप ऑफर लेटर और किट प्रदान की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत के सहायक परियोजना अधिकारी कपिल तिवारी, महाविद्यालय के प्राचार्य श्री मिश्रा, भूगोल विभागाध्यक्ष श्री टेम्हरे और गोटुल फाउंडेशन की ईडी स्नेहल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।मुख्य फेलोशिप में चयनित होने से पहले छात्राओं ने लगभग एक महीने तक प्री-फेलोशिप कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान नेतृत्व विकास, आत्म जागरूकता, संवाद कौशल, माहवारी स्वास्थ्य, जेंडर एवं पावर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सत्र और गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके साथ ही चार स्पार्कलिंग डायलॉग के माध्यम से छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी विशेषज्ञों से संवाद करने का अवसर मिला। छात्राओं की सक्रिय सहभागिता, असाइनमेंट, लिखित असेसमेंट और व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर अंतिम 14 छात्राओं का चयन किया गया।

छात्राओं ने साझा किए अनुभव, आईआरएस अधिकारी के संवाद से मिली प्रेरणा 

कार्यक्रम के दौरान चयनित छात्राओं ने अपनी सीख और अनुभव साझा किए। छात्रा नैन्सी ने बताया कि पहले उन्हें मंच पर बोलने में डर लगता था, लेकिन प्री-फेलोशिप के अभ्यासों से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। छात्रा मिली ने व्यक्तिगत स्तर और महाविद्यालय के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की आकांक्षा जताई। वहीं सुमन और रागिनी ने बताया कि फेलोशिप से उन्हें समाज की रूढि़वादी मान्यताओं को समझने का अवसर मिला। उन्होंने विशेष रूप से 2022 बैच की आईआरएस अधिकारी एवं जीएसटी की सहायक आयुक्त पूजा कदम के साथ हुए स्पार्कलिंग डायलॉग को बेहद प्रेरणादायक बताया।

अच्छा लीडर बनने के लिए व्यावहारिक अनुभव जरूरी -कपिल तिवारी 

जिला पंचायत के सहायक परियोजना अधिकारी कपिल तिवारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक अच्छा लीडर बनने के लिए ज्ञान, कौशल और व्यावहारिक अनुभव तीनों आवश्यक हैं। केवल जानकारी प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे वास्तविक परिस्थितियों में लागू करना भी जरूरी है। महाविद्यालय के प्राचार्य श्री मिश्रा ने चयनित छात्राओं को बधाई देते हुए उन्हें अपनी क्षमताओं को पहचानने और महाविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। आगामी पांच महीनों तक चलने वाली इस फेलोशिप में छात्राएं स्कूलों और समुदायों के साथ जुड़कर नेतृत्व विकास, माहवारी स्वच्छता और जेंडर समानता जैसे विषयों पर काम करेंगी। कार्यक्रम के अंत में गोटुल फाउंडेशन के प्रतिनिधि ने महाविद्यालय प्रबंधन, भूगोल विभाग, शिक्षकों और कपिल तिवारी के निरंतर सहयोग व मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।


 

Leave a Comment