भीखमपुर में जल संकट से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
सड़क पर खाली बर्तन रखकर किया चक्काजाम, डेढ़ घंटे थमे रहे पहिए
- निवास-कुंडम मुख्य मार्ग पर लगी वाहनों की लंबी कतार
- तहसीलदार व पुलिस की समझाइश और मोटर सुधारने के आश्वासन पर खुला जाम
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास-कुंडम मुख्य मार्ग स्थित ग्राम भीखमपुर में शनिवार को पेयजल संकट और गांव की अन्य बुनियादी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर खाली बर्तन रखकर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इस प्रदर्शन के चलते करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि गांव में नल-जल योजना का नियमित संचालन नहीं हो रहा है। आए दिन पानी की सप्लाई बंद रहने से लोगों को पेयजल के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कभी पानी आता है, तो कभी कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है। इसके साथ ही ग्रामीणों ने गांव में कई विकास कार्यों के अधूरे पड़े होने पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की।
तहसीलदार और पुलिस की समझाइश के बाद बहाल हुआ यातायात
चक्काजाम की सूचना मिलते ही तहसीलदार सुष्मिता उइके, निवास थाना प्रभारी धर्मेंद्र धुर्वे और पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। तहसीलदार सुष्मिता उइके ने बताया कि मोटर खराब होने के कारण नल-जल योजना से जलापूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने ग्रामीणों को जल्द ही मोटर सुधरवाकर पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के ठोस आश्वासन और समझाइश के बाद करीब डेढ़ घंटे से जारी चक्काजाम समाप्त हुआ और मार्ग पर यातायात पुन: सुचारू हो सका।










