मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे में भीषण हादसा
टैंकर ने बाइक सवार दो युवकों को घसीटा, बाइक में लगी आग, दो घायल
- दोनों गंभीर घायल जबलपुर रेफर
- बीजाडांडी के खुटा पड़ाव में दर्दनाक सड़क दुर्घटना
- राहगीरों व पुलिस की मदद से घायलों को पहुंचाया अस्पताल
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर बीजाडांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत खुटा पड़ाव और धनवाही के बीच एक भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक टैंकर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि टैंकर बाइक सवारों को घसीटता हुआ ले गया और टक्कर के बाद बाइक में भीषण आग लग गई।
बताया गया कि हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सड़क हादसे की सूचना तत्काल 112 डायल को दी गई, सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से दोनों गंभीर घायलों को तत्काल बीजाडांडी अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर
बीजाडांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने दोनों घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक दोनों घायलों की पहचान और उनके निवास स्थान के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










