नर्मदा किनारे रेत में दबाकर रखा तीन हजार किलो महुआ लाहन बरामद, किया नष्ट
- अवैध शराब अड्डों पर आबकारी टीम का छापा
- गोंझी में 3.06 लाख रुपये का महुआ लाहन व कच्ची शराब जब्त, तीन मामले दर्ज
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध शराब के निर्माण और विक्रय के खिलाफ मंडला आबकारी विभाग द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी सतीश कश्यप के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त मंडला की टीम ने ग्राम गोंझी स्थित नर्मदा नदी के किनारे अवैध शराब अड्डों पर बड़ी दबिश दी।
बताया गया कि कार्रवाई के दौरान आबकारी दल ने नर्मदा तट के विभिन्न ठिकानों से प्लास्टिक के लगभग 300 डब्बे प्रति डब्बा लगभग 10 किलो बरामद किए, जिनमें कुल 3000 किलोग्राम महुआ लाहन भरा हुआ था। शराब माफियाओं ने इसे रेत के अंदर दबाकर छिपा रखा था, जिसे टीम ने बाहर निकालकर मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा टीम ने 40 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब भी जब्त की और शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले बर्तनों को नष्ट किया। जब्त शराब और नष्ट किए गए लाहन की कुल अनुमानित कीमत 3,06,000 रुपये आंकी गई है।
अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध तीन प्रकरण पंजीबद्ध
आबकारी दल की भनक लगते ही अवैध मदिरा निर्माण में लिप्त आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। विभाग ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कुल 03 प्रकरण दर्ज किए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
कार्रवाई में इनकी रही मुख्य भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी, सचिन मंडलोई, हरे सिंह उइके, भानु पुशाम सहित प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक विजय, कमलेश, कन्हैया उइके, विकास कौरव, हिमांशी धुर्वे, शकुंतला सैयाम और नेतराम काकोटिया की सराहनीय भूमिका रही।










