रामनगर के जंगल में चल रहे जुआ फड़ पर मंडला पुलिस की बड़ी दबिश
11 जुआरी गिरफ्तार
- मुखबिर की सूचना पर महाराजपुर पुलिस की कार्रवाई
- 47 हजार नगद, 2 कार व 5 बाइकों सहित 31.85 लाख का मशरूका जब्त
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा के मार्गदर्शन में मंडला जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना महाराजपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रामनगर स्थित मोती महल के पास जंगल में संचालित एक जुए के फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगा रहे 11 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर की गई घेराबंदी
थाना प्रभारी महाराजपुर निरीक्षक डॉ. जयसिंह यादव ने बताया कि 15 नवंबर 2026 को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि रामनगर के जंगल में मोती महल के पास बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंचकर सुनियोजित तरीके से घेराबंदी की और जुआ फड़ पर दबिश दी, जिससे जुआरियों को भागने का मौका नहीं मिल सका।
कुल 31 लाख 85 हजार रुपये का मशरूका जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 47,200 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए। इसके अलावा मौके से 2 कारें, 5 मोटरसाइकिलें और 1 एलईडी लाइट (बैटरी वाली) भी जब्त की गई। जब्त किए गए इन वाहनों और अन्य सामग्री की अनुमानित कीमत 31,38,500 रुपये आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 31 लाख 85 हजार 700 रुपये का मशरूका विधिवत जब्त किया है। पकड़े गए सभी 11 आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी डॉ. जयसिंह यादव, एसआई भीमराव मेश्राम, एएसआई रमेश पाल, प्रधान आरक्षक अमित गरयार व चंद्रशेखर मरकाम सहित आरक्षक शिवा नाविक, सुंदर भलावी, संदीप पुसाम, हरिदास बिंझिया, यशवंत धुर्वे, अरविन्द बर्मन, प्रशांत अवस्थी, राज बघेल और विष्णु जंभरे की अहम भूमिका रही।










