22 पेटी अवैध शराब के साथ बोलेरो जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार

Advertisements

मंडला पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मोतीनाला में 22 पेटी अवैध शराब के साथ बोलेरो जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार

  • बालाघाट से मंडला लाई जा रही थी खेप, 5.85 लाख का मशरूका बरामद
  • पकड़े गए आरोपियों में तीन बिहार के निवासी

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले की मोतीनाला थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 22 पेटी देशी और अंग्रेजी शराब से भरी एक बोलेरो को जब्त किया है। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। जब्त की गई शराब और वाहन बोलेरो की कुल अनुमानित कीमत 5 लाख 85 हजार 280 रुपये बताई गई है।थाना प्रभारी हेमंत बावरिया ने बताया कि 15-16 नवंबर की दरमियानी रात पुलिस को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि बालाघाट जिले के बैहर की ओर से एक बोलेरो वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब मंडला की तरफ लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल नाकेबंदी की और संदिग्ध वाहन क्रमांक एमपी 51 टी 0725 को रोककर सघन तलाशी ली।

174 लीटर शराब और 5 लाख का वाहन जब्त 

तलाशी के दौरान बोलेरो वाहन के अंदर से पुलिस को 22 पेटी अवैध देशी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 174.96 लीटर है, जिसकी कीमत लगभग 85,280 रुपये आंकी गई है। वहीं, तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे बोलेरो वाहन की कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई गई है।

आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज 

पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से तीन बिहार राज्य के हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा भानेश्वर निवासी मवई, मंडला और पराहुल कुमार साव, राजू यादव व मनोज गुप्ता तीनों निवासी औरंगाबाद, बिहार के रूप में हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। इस कार्रवाई में मोतिनाला थाना प्रभारी हेमंत बावरिया, एसआई संतोष उइके, प्रधान आरक्षक दिनेश जंघेला और आरक्षक पलाश, संदीप, मयंक व समीर सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।


Leave a Comment