कान्हा टाइगर रिजर्व में बाल दिवस पर बच्चों को दोहरी सौगात
भूरसिंह विद्यालय में सजी वन्यजीवों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता
- खुर्सीपार में कान्हा बाल उद्यान का हुआ भव्य शुभारंभ
- खेल और शिक्षा से संवरेगा ग्रामीण बच्चों का भविष्य
मंडला महावीर न्यूज 29. बाल दिवस के अवसर पर कान्हा टाइगर रिजर्व में ग्रामीण बच्चों के उत्साह, रचनात्मकता और सर्वांगीण विकास को समर्पित दो विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के तहत जहां एक ओर बच्चों ने वन्यजीवों का रूप धारण कर संरक्षण का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर इको विकास समिति की पहल पर बच्चों को सर्वसुविधायुक्त कान्हा बाल उद्यान की सौगात दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रात: कान्हा प्रबंधन द्वारा मुक्की में संचालित भूरसिंह विद्यालय से हुई। यहां स्कूली बच्चों द्वारा वन्यजीवों की थीम पर आधारित एक बेहद आकर्षक फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता प्रस्तुत की गई। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बाघ, तेंदुआ, भालू और अन्य वन्यजीवों का रूप धारण कर प्रकृति और जीवों के संरक्षण का मजबूत संदेश दिया। उपस्थित अतिथियों ने बच्चों की इस रचनात्मक प्रस्तुति की जमकर सराहना की।
खुर्सीपार में कान्हा बाल उद्यान का हुआ लोकार्पण
इसके बाद कान्हा के मोतीनाला बफर परिक्षेत्र अंतर्गत इको विकास समिति खुर्सीपार में नवनिर्मित कान्हा बाल उद्यान का भव्य शुभारंभ किया गया। मध्य प्रदेश वन विभाग की प्रधान मुख्य वन संरक्षक डॉ. समिता राजोरा ने फीता काटकर इस बाल उद्यान को बच्चों को समर्पित किया। इस उद्यान का निर्माण इको विकास समिति द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को सुरक्षित वातावरण में खेलने, मनोरंजन करने और नई चीजें सीखने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया है।
बच्चों को बांटी गई सामग्री, स्कूल को मिले डेस्क-बेंच
इस अवसर पर इको विकास समिति ने शिक्षा के क्षेत्र में भी एक अनुकरणीय पहल की। ग्रामीण बच्चों को विद्यालय में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समिति की ओर से स्कूल प्रबंधन को डेस्क और बेंच प्रदान किए गए। इसके साथ ही, कार्यक्रम में मौजूद बच्चों को जूते, मोजे, पानी की बोतल, टिफिन बॉक्स और लेखन सामग्री का भी वितरण किया गया।
अतिथियों ने सराही इको विकास समिति की पहल
पीसीसीएफ डॉ. समिता राजोरा ने बाल उद्यान निर्माण की इस अभिनव पहल के लिए इको विकास समिति खुर्सीपार को बधाई दी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के लिए शिक्षा और खेलकूद सुविधाएं जुटाने के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान बाघिन दीदी की संकल्पना, संरक्षण में महिलाओं की भागीदारी और मानव-वन्यजीव द्वंद्व को कम करने पर भी विशेष चर्चा हुई। इस दौरान ग्रामीणों ने मनमोहक पारंपरिक लोकनृत्य भी प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी संजय मोहन, हेमंत कुमार, क्षेत्र संचालक रविंद्र मणि त्रिपाठी, उप संचालक प्रकाश कुमार वर्मा, वन्यजीव वैज्ञानिक प्रशांत महाजन, सहायक संचालक (सिझोरा एवं मलाजखंड) सहित वन परिक्षेत्राधिकारी और इको विकास समितियों के अध्यक्ष, सरपंच व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में क्षेत्र संचालक श्री त्रिपाठी ने वन व वन्यजीव संरक्षण में निरंतर सहयोग के लिए सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।









