बिछिया के ग्राम फोक में चालक का संदिग्ध अवस्था में मिला शव
पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर पोता गया पेंट
- दो दिन से लापता था 42 वर्षीय राजू यादव
- साक्ष्य जुटाने बालाघाट से पहुंची एफएसएल टीम, पुलिस जांच में जुटी
मंडला महावीर न्यूज 29. भुआ बिछिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिझोरा के पोषक ग्राम फोक में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके पुराने पुश्तैनी घर के पास मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय राजू यादव पिता गया प्रसाद यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से एक वाहन चालक था और पिछले दो दिनों से लापता था।
जानकारी अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंच गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को अंदेशा है कि किसी ने हत्या के बाद मृतक की पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसके चेहरे पर पेंट पोत दिया और शव को पुराने घर के पास फेंक दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजू पेशे से चालक था और अक्सर गाड़ी लेकर कई दिनों तक बाहर रहता था, इसलिए दो दिन से घर न लौटने पर उन्हें ज्यादा चिंता नहीं हुई। हालांकि मृतक पहले शराब पीता था, लेकिन कुछ समय से उसने यह आदत छोड़ दी थी। गांव में ही मृतक का एक नया घर भी बना हुआ है।
एफएसएल टीम और वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए बिछिया एसडीओपी सौरभ और थाना प्रभारी अपनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं। मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच और घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाने के लिए बालाघाट से एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि राजू यादव की मृत्यु कैसे हुई और शव को इस हालत में किसने फेंका, यह जांच का विषय है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में ठोस कारण सामने आ सकेंगे।










