ड्रेसिंग टेबल के नीचे छुपा बैठा था जहरीला कोबरा, पास ही खेल रहे थे बच्चे
सर्प मित्र ने सुरक्षित रेस्क्यू कर टाला बड़ा हादसा
- ग्राम चौदस में बैजू यादव के घर निकला नाग
- सर्प मित्र रंजीत ठाकुर ने सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास मुख्यालय से लगभग 14 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम चौदस में एक घर के अंदर जहरीला नाग निकलने से हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि समय रहते सर्प मित्र को बुला लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी अनुसार ग्राम चौदस निवासी बैजू यादव के घर पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब उनकी धर्मपत्नी श्रृंगार कर रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर अचानक ड्रेसिंग टेबल के नीचे पड़ी, जहाँ एक विशालकाय कोबरा (भारतीय नाग) कुंडली मारे बैठा था। हैरान करने वाली बात यह थी कि ठीक बाजू में स्थित पलंग पर मासूम बच्चे खेल रहे थे। महिला ने बिना घबराए तुरंत फोन पर अपने पति बैजू यादव को घर में भारी-भरकम सांप होने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही बैजू यादव ने तत्काल निवास के सर्प मित्र रंजीत ठाकुर से संपर्क साधा और उन्हें लेकर सीधे घर पहुंचे। सर्प मित्र रंजीत ठाकुर ने बिना समय गंवाए बेहद सूझबूझ और तत्परता के साथ नाग का सुरक्षित रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के बाद जहरीले सांप को पूरी तरह स्वस्थ अवस्था में प्राकृतिक आवास जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
सावधानी और त्वरित इलाज ही बचाव
सर्प मित्र ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्कता बरतें और घरों के आसपास सफाई रखें। उन्होंने सलाह दी कि यदि किसी व्यक्ति को धोखे से सर्प डस लेता है, तो झाड़-फूंक या अंधविश्वास के चक्कर में समय बिल्कुल न गंवाएं। तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें, जहाँ एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन के जरिए समय पर सही इलाज मिलने से व्यक्ति की जान आसानी से बचाई जा सकती है।












