ग्राम दहना के दो बच्चे मलेरिया और गंभीर एनीमिया से पीडि़त
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की सजगता
- एक ही परिवार के दोनों मासूमों को मेडिकल कॉलेज जबलपुर में कराया भर्ती
- दोनों बच्चों का हीमोग्लोबिन 4 ग्राम, इलाज के लिए परिजनों को किया राजी
- नायब तहसीलदार व सीबीएमओ की पहल लाई रंग
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड बीजाडांडी के ग्राम दहना में स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन की तत्परता से दो मासूम बच्चों को गंभीर हालत में इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। दोनों बच्चे एक ही परिवार के हैं और मलेरिया के साथ-साथ सीवियर एनीमिया गंभीर रूप से खून की कमी से पीडि़त पाए गए हैं।
जानकारी अनुसार ग्राम दहना निवासी विजय बरकड़े के दो बच्चे नित्यम 3 वर्ष और नमस्वी 6 वर्ष गंभीर रूप से बीमार थे। स्वास्थ्य जांच में दोनों बच्चे मलेरिया पॉजिटिव निकले। स्थिति तब और चिंताजनक हो गई जब रिपोर्ट में सामने आया कि उनका हीमोग्लोबिन स्तर खतरनाक रूप से गिरकर मात्र 4 ग्राम और 4.3 ग्राम रह गया था। इस नाजुक स्थिति के बावजूद परिजन बच्चों को बड़े अस्पताल ले जाने में हिचकिचा रहे थे।
बताया गया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी के सीबीएमओ डॉ. अजयतोष मरावी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम सीधे बच्चों के घर पहुंची। टीम ने परिजनों को बच्चों की जान के खतरे को लेकर काफी समझाया। लंबी काउंसलिंग के बाद परिवार के सदस्य इलाज के लिए राजी हुए, जिसके बाद तुरंत दोनों बच्चों को एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी बीजाडांडी लाया गया।
यहाँ प्राथमिक जांच के बाद नायब तहसीलदार शिखर सोनी और सीबीएमओ डॉ. अजयतोष मरावी ने संयुक्त रूप से प्रयास करते हुए परिजनों की और काउंसलिंग की। अधिकारियों की समझाइश के बाद स्वास्थ्य टीम की सतत निगरानी में दोनों बच्चों को बेहतर और सघन उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर भेजकर वहां भर्ती करा दिया गया है। जहां दोनों बच्चों का उपचार जारी है।









