स्कूली बच्चों के नाव से नदी पार करने के वायरल वीडियो के बाद पहुंचा प्रशासन

स्कूली बच्चों के नाव से नदी पार करने के वायरल वीडियो के बाद पहुंचा प्रशासन

कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन ने किया झुरगी पोंडी घाट का निरीक्षण, बांटी बचाव सामग्री

  • जलस्तर बढऩे पर नाव संचालन पर रोक
  • ग्रामीणों को दिया गया आपातकालीन बचाव का प्रशिक्षण

मंडला महावीर न्यूज 29. मोहगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम झुरगी पोंडी में स्कूली बच्चों द्वारा जान जोखिम में डालकर नाव से नदी पार करने की सूचना मिलने पर प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के सख्त निर्देशों के बाद प्रशासनिक दल ने मौके पर पहुंचकर नदी घाट का सघन निरीक्षण किया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए।
प्रशासनिक टीम में मोहगांव के नायब तहसीलदार चंद्र कुमार वट्टे, होमगार्ड कंपनी कमांडर हेमराज परस्ते और मोहगांव थाने के सब इंस्पेक्टर लक्ष्मीकांत बिसेन शामिल थे। टीम ने ग्राम पंचायत झुरगी पहुंचकर सरपंच, उपसरपंच और ग्रामीणों की उपस्थिति में घाट का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर नदी के जलस्तर की मार्किंग भी कराई गई।

बांटी गई बचाव सामग्री और दिया गया प्रशिक्षण 

नागरिकों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए होमगार्ड कार्यालय मंडला की ओर से ग्राम पंचायत को आवश्यक बचाव सामग्री (लाइफ बॉय और लाइफ जैकेट) प्रदान की गई। अधिकारियों ने मौके पर ही ग्रामीणों को लाइफ जैकेट पहनने और आपातकालीन स्थिति में बचाव कार्य करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।

नाव संचालक को सख्त हिदायत 

प्रशासनिक दल ने नाव संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नदी का जलस्तर बढऩे की स्थिति में किसी भी हाल में नाव का संचालन न किया जाए। प्रशासन ने सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतें और बच्चों को केवल सुरक्षित साधनों से ही नदी पार कराएं जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।


Leave a Comment