लापता 3 नाबालिग बालिकाएं मंडला बस स्टैंड से सकुशल दस्तयाब, परिजनों को सौंपा

घुघरी पुलिस की तत्परता

खमतरा से लापता 3 नाबालिग बालिकाएं मंडला बस स्टैंड से सकुशल दस्तयाब, परिजनों को सौंपा

  • पुलिस की सक्रियता से लौटी परिवार की खुशियां
  • बिना बताए घर से निकलीं 3 नाबालिग लड़कियां दस्तयाब

मंडला महावीर न्यूज 29.  ग्राम खमतरा से अपने माता-पिता को बिना बताए अचानक लापता हुईं तीन नाबालिग बालिकाओं को घुघरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मंडला बस स्टैंड से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर तीनों बच्चियों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
बताया गया कि बालिकाओं के अचानक लापता होने से परिजन बेहद चिंतित थे। सूचना मिलते ही घुघरी थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल मामला दर्ज किए। इन तीनों मामलों में धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण कायम कर पुलिस टीम द्वारा संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया था।

मंडला बस स्टैंड से मिली सफलता 

पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देशन में थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन द्वारा एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने जानकारी जुटाते हुए लगातार तलाश जारी रखी। इसी सक्रियता के परिणामस्वरूप 18 अगस्त को तीनों बालिकाओं को मंडला बस स्टैंड से सुरक्षित दस्तयाब करने में सफलता प्राप्त हुई।

परिजनों ने ली राहत की सांस 

दस्तयाबी के बाद पुलिस द्वारा नियमानुसार बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की गई और कागजी कार्रवाई पूरी कर उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। बच्चियों के लापता होने से तनाव में चल रहे परिवार ने उनके सुरक्षित घर लौटने पर राहत की सांस ली है। इस संवेदनशील मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


 

Leave a Comment