मंडला में आफत की बारिश
लगातार बारिश से नर्मदा नदी का रौद्र रूप
- उफान पर नर्मदा नदी
- वार्निंग लेवल के पार पहुंचा जलस्तर, छोटा पुल डूबा
- निचले इलाकों में सुरक्षा बल तैनात
- 23 अगस्त तक बारिश का अनुमान
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह 10 बजे नदी का जलस्तर 437.04 मीटर दर्ज किया गया, जो वार्निंग लेवल (चेतावनी स्तर) को पार कर चुका है। बीते 24 घंटे की बात करें तो जिले में 2.3 इंच बारिश दर्ज की गई है।

छोटा पुल डूबा, आवागमन ठप
नर्मदा नदी का जलस्तर बढऩे से शहर का छोटा पुल पूरी तरह से डूब गया है। वर्तमान में पुल के ऊपर से करीब एक मीटर पानी बह रहा है, जिसके कारण इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। नदी के बढ़ते जलस्तर ने तटीय इलाकों में चिंता बढ़ा दी है।

प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा बल तैनात
बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस, एसडीईआरएफ (स्ष्ठश्वक्रस्न) और होमगार्ड सहित अन्य सुरक्षा बलों को नदी किनारे और जलभराव वाले क्षेत्रों में तैनात कर दिया गया है। इन संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है।

नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील
भू-संसाधन प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 20 अगस्त तक मंडला जिले में कुल 33.96 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। हालांकि, यह आंकड़ा पिछले वर्ष इसी अवधि में हुई 49.38 इंच बारिश की तुलना में कम है। मौसम विभाग ने जिले में 23 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। लगातार बारिश और नर्मदा के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर प्रशासन ने निचले इलाकों और जलभराव वाले क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।










