बुढ़नेर नदी उफान पर, 50 गांवों का संपर्क टूटा

तेज बारिश से मवई में जनजीवन अस्त-व्यस्त

बुढ़नेर नदी उफान पर, 50 गांवों का संपर्क टूटा

  • आफत की बारिश
  • डायवर्सन पुलिया बहने से दर्जनों गांवों का ब्लॉक मुख्यालय से कटा संपर्क
  • मवई-डिंडोरी मार्ग भी बंद

मंडला महावीर न्यूज 29. मवई एवं आसपास के गांवों में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार तेज बारिश ने जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। क्षेत्र के सभी नदी-नाले उफान पर हैं, जिसके कारण कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है।

बढ़नेर नदी में बाढ़, डिंडोरी से टूटा संपर्क

लगातार बारिश के चलते मवई-डिंडोरी मार्ग पर स्थित बढ़नेर नदी में भारी बाढ़ आ गई है। नदी का जलस्तर अत्यधिक बढ़ जाने के कारण यह मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है, जिससे डिंडोरी, मवई और समनापुर के बीच सीधा संपर्क टूट गया है।

डायवर्सन पुलिया बही, 50 गांव मुख्यालय से कटे

मवई से सिंझौरा जाने वाले मार्ग पर भी बारिश के कारण हालात गंभीर हो गए हैं। घोटा-मेडा सड़क निर्माण के दौरान बनाई गई डायवर्सन मार्ग की पुलिया मेड़ा और सेदा के बीच तेज बहाव में बह गई है। इसके चलते ब्लॉक मुख्यालय मवई से लगभग 50 गांवों का संपर्क पूरी तरह से कट गया है, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही रुक गई है।

ठेकेदार की लापरवाही से आक्रोश, प्रशासन से गुहार

डायवर्सन मार्ग के टूटकर बह जाने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी और ठेकेदार की घोर लापरवाही के कारण बारिश के इस मौसम में उनकी परेशानी और भी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि प्रभावित मार्गों और डायवर्सन पुलिया की तत्काल मरम्मत कराकर आवागमन बहाल किया जाए, ताकि मुख्यालय से कटे इन गांवों के लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।


रिपोर्टर- संदीप श्रीवास, मवई


Leave a Comment