टिकरिया पुलिस की माइक्रोबीट चौपाल
- ग्राम चिरी में ग्रामीणों को सिखाए सुरक्षा और साइबर सावधानी के गुर
- सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट लगाने की अपील
- ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए पुलिस ने दी ओटीपी की चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और जनता के बीच समन्वय स्थापित करने तथा अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से थाना टिकरिया पुलिस द्वारा मेरा गांव, मेरी बीट’अभियान के अंतर्गत ग्राम चिरी में माइक्रोबीट चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस ने ग्रामीणों को वर्तमान में बढ़ रहे साइबर अपराधों और सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक किया।
थाना प्रभारी प्रदीप पांडे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने ग्रामीणों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की सलाह देते हुए पुलिस ने कहा कि सुरक्षा उपकरण केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अनमोल जीवन बचाने के लिए हैं। साथ ही, युवाओं को नशे के जाल से दूर रहने और नशा मुक्त समाज बनाने में योगदान देने की अपील की गई।
फ्रॉड से बचने दिए टिप्स
बताया गया कि लगातार बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड को लेकर पुलिस ने ग्रामीणों को विशेष टिप्स दिए। पुलिस अधिकारियों ने सख्त हिदायत दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी साझा न करें। संदिग्ध लुभावने विज्ञापनों या अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी होने की स्थिति में बिना देर किए पुलिस को सूचित करें।
महिला सुरक्षा की दी जानकारी
चौपाल में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को तुरंत दें, सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। ग्राम चिरी के निवासियों ने पुलिस की इस माइक्रोबीट प्रणाली की सराहना करते हुए गाँव को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाने में अपना पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।










