रंगों में सजी रजा की याद
3 दिवसीय रजा उत्सव से कला प्रेमियों में उत्साह
मंडला महावीर न्यूज 29. तीन दिवसीय रजा उत्सव का शुभारंभ सैयद हैदर रजा मार्ग स्थित रजा कला वीथिका में हुआ। 22 फरवरी तक रजा फाउंडेशन द्वारा आयोजित रजा उत्सव 2026 में विशेष रूप से जलरंग कार्यशाला आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक बड़ी संख्या में कला प्रेमी चित्रकारी कर देश के प्रख्यात चित्रकार सैयद हैदर रजा को उनकी जन्म जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
उत्सव के दूसरे प्रमुख क्षण में प्रदेश की पीएचई मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके रजा कला वीथिका पहुँचीं। उन्होंने कलाकारों से संवाद किया, उनकी कलाकृतियों को सराहा तथा गमले पर रंग उकेर कर अपनी सहभागिता दर्ज की। मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि रजा उत्सव जैसे आयोजन न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि मंडला की सांस्कृतिक पहचान को भी सशक्त बनाते हैं। उनके आगमन से कलाकारों और उपस्थित कला प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा गया।
उत्सव में वॉटर कलर माध्यम से कलाकार यश भोपटे, अनुज आर्य, आरिफ खान, अभिनाश यादव, दीपक जूरी, दिया डोंगल, दियाशु देवांगन, प्रेम प्रजापति, राशिका चौहान, श्रीयंश विश्वकर्मा एवं विजय गहवार अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। कलाकार मंडला की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक झलकियों को कैनवास पर जीवंत रूप दे रहे हैं।
चित्रकला कार्यशाला में आशीष कछवाहा, गरिमा ताम्रकार और अशोक सोनवानी प्रतिभागियों को चित्रकारी की बारीकियों से अवगत करा रहे हैं। वहीं माटी पर रंग कार्यशाला के अंतर्गत धनेश्वर प्रजापति पारंपरिक माटी के चाक पर मिट्टी के दीये, गमले, सुराही, गुल्लक और बॉटल आदि बनाना सिखा रहे हैं। प्रतिभागी स्वयं मिट्टी की वस्तुएँ तैयार कर उन पर रंग सज्जा कर उन्हें यादगार के रूप में साथ ले जा रहे हैं।
रजा उत्सव के संयोजक योगेन्द्र त्रिपाठी ने जिले के समस्त कला प्रेमियों से आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। इस अवसर पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा, वरिष्ठ कलाकार अखिलेश, जावेद अली भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।









