चांवल से भरा बेकाबू ट्रक 30 फीट नीचे नदी में गिरा

नेशनल हाईवे-30 पर हादसा

  • चांवल से भरा बेकाबू ट्रक 30 फीट नीचे नदी में गिरा
  • घंटों बाधित रहा मार्ग, चालक-परिचालक के फंसे होने की आशंका
  • पानी में डूबा ट्रक, मुश्किल रेस्क्यू के बीच ग्रामीणों ने लूटा चावल

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जबलपुर नेशनल हाइवे-30 पर बबेहा पुल पर बुधवार की देर रात्रि एक तेज रफ्तार में चांवल से भरा ट्रक टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर पुल की रैलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गया। इस हादसे के कारण जहां हाईवे पर घंटों यातायात जाम रहा, वहीं ट्रक के गहरे पानी में समा जाने से उसमें चालक और परिचालक के फंसे होने की आशंका बनी हुई है। समाचार लिखे जाने तक ना तो गहराई में समाए ट्रक को निकाला जा सका है, ना ही वाहन में कितने लोग सवार थे इसकी जानकारी लग सकी है। वाहन के बाहर निकलने के बाद ही पता चल सकेगा कि ट्रक में वाहन चालक के अलावा कितने लोग थे।जानकारी अनुसार बुधवार रात्रि हुआ भीषण हादसा ट्रक का सामने का टायर फटने के कारण हुआ, जिससे ट्रक बेकाबू होकर सीधे नीचे नदी में जा समाया। घटना के तुरंत बाद टिकरिया और कोतवाली पुलिस को जानकारी दी गई, लेकिन रात होने के कारण ट्रक को निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका। बताया गया कि दुर्घटना की खबर फैलते ही घटना स्थल पर जनप्रतिनिधियों सहित पूरे जिला प्रशासन का हुजूम लग गया। एसडीईआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। टीम ने बताया कि ट्रक लगभग 25 से 30 फुट नीचे गहरे पानी में समा गया है और उसे निकालना बेहद मुश्किल है।

रेस्क्यू टीम कर रही प्रयास 

बताया गया कि गहरे पानी में डूबे ट्रक को बाहर निकालने के लिए गुरूवार को तीन जेसीबी मशीनें, एक हाइड्रो मशीन और एक क्रेन बुलाई गई। उपकरणों की मदद से ट्रक को निकालने का प्रयास शुरू किया गया, लेकिन पानी के बहाव, गहराई और मिट्टी में धंसने के कारण खबर लिखे जाने तक ट्रक का रेस्क्यू सफल नहीं हो सका था। लगातार रेस्क्यू टीम ट्रक को निकलाने का प्रयास कर रही है।

चालक-परिचालक के फंसे होने की आशंका 

हादसे के बाद लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान ने बताया कि रात्रि में ट्रक पुल से नीचे गिरा था और उस पर चावल की बोरियां लोड थीं। उन्होंने बताया कि इस बात की पूरी संभावना है कि ट्रक पर चालक और परिचालक मौजूद है। उन्होने बताया कि ट्रक के बाहर आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि उसमें कितने लोग मौजूद थे और उनकी स्थिति क्या है। फिलहाल पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम रेस्क्यू में जुटी हुई है।

घंटों रहा मार्ग बाधित, आमजन हुए परेशान 

रेस्क्यू ऑपरेशन को सुरक्षित ढंग से अंजाम देने के लिए प्रशासन ने गुरुवार की सुबह टिकरिया और फूलसागर तक मुख्य मार्ग को कुछ घंटों के लिए यातायात के लिए बंद करा दिया था। मार्ग बंद होने से यात्री बसों सहित कई वाहन जाम में फंस गए, जिससे यात्री और आम लोग परेशान नजर आए। कई वाहन मालिकों को वैकल्पिक मार्ग के रूप में निवास-बबलिया मार्ग का लंबा चक्कर लगाना पड़ा। इसके बाद शाम करीब चार बजे के बाद यातायात को धीरे-धीरे बहाल किया गया।

हादसे के बीच चावल की लूट 

इस दुखद दुर्घटना के बीच एक दुर्भाग्यपूर्ण मानवीय पहलू भी देखने को मिला। रात्रि में जैसे ही वाहन गिरा उस पर लोड पुलाव चावल की जो बोरियां पुल के ऊपर गिरी थीं या नदी में तैर रही थीं, उन्हें ग्रामीण तुरंत उठाकर अपने घरों को ले जाने लगे। इतना ही नहीं गुरुवार को भी दुर्घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण गहरे पानी में तैरकर चावल की बोरियों को निकालते नजर आए। गंभीर रेस्क्यू ऑपरेशन के बीच हुई इस अनैतिक लूट ने मानवता को शर्मसार कर दिया।



बबैहा पुल पर रेलिंग तोड़ते हुए दो वाहन नदी में गिरे, सर्चिंग जारी – Mahaveer News 29

चांवल से भरा ट्रक बबैहा पुल की रेलिंग तोड़ नदी में गिरा

चांवल से भरा ट्रक बबैहा पुल की रेलिंग तोड़ नदी में गिरा – Mahaveer News 29

चांवल से भरा ट्रक बबैहा पुल की रेलिंग तोड़ नदी में गिरा

Leave a Comment