विद्यार्थियों ने अभिनय के माध्यम से उमंग के महत्व को समझा
- हायर सेकेंडरी बबलिया में उमंग कार्यक्रम का आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. समग्र शिक्षा अभियान मप्र लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा निर्देशित किए जाने पर
उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस दिवस हायर सेकेंडरी स्कूल बबलिया में मनाया गया। उमंग है तो जीवन में रंग की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों और शिक्षकों में उत्साह देखा गया। विद्यालय के प्राचार्य डीके सिंगौर ने बच्चों को अपने उद्बोधन से बताया कि उमंग से भरा व्यक्ति तनाव, चिंता और अवसाद से बेहतर तरीके से निपट सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षक डीके सिंगौर ने छात्रों से कहां कि उमंग जीवन को जीवंत और आनंदमय बनाता है। यह वह आंतरिक शक्ति है जो छोटी-छोटी चीजों में खुशी ढूंढने और हर पल को जीने की कला सिखाता है। उन्होंने बिना कोई पूर्व भूमिका के शिक्षकों और विद्यार्थियों से उमंग और उत्साह से भरे व्यक्ति और जिस व्यक्ति के अंदर उमंग न हो दोनों प्रकार के व्यक्ति की भाव भंगिमा का अभिनय करने को कहा। जिस पर शिक्षकों और बच्चों ने भी शानदार अभिनय करके उमंग के महत्व को समझने का न केवल सफल प्रयास किया बल्कि पूरा विद्यालय आनंदमय हो गया।
इस अवसर पर इस कार्यक्रम के प्रभारी दिलीप मरावी और प्रतिभा मार्को ने बालक और बालिकाओं की अलग अलग खो – खो प्रतियोगिता और क्विज का आयोजन भी कराया और बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में माहौल उमंग से भरा रहा। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम की जमकर सराहना भी की।










