दीदी पाठशाला पखवाड़ा में महिलाओं ने सीखा प्राकृतिक खेती

दीदी पाठशाला पखवाड़ा में महिलाओं ने सीखा प्राकृतिक खेती

  • कृषि अधिकारी ने महिला किसानों द्वारा बनाए गए बीजामृत की सराहना की

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के वनांचल विकासखंड मवई के ग्राम पखवार में चल रहे दीदी पाठशाला पखवाड़ा के दौरान महिला किसानों ने प्राकृतिक खेती की ओर एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। शुक्रवार को वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी वीपी तेकाम ने कार्यक्रम का दौरा किया और महिलाओं की गतिविधियों का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने महिला समूहों द्वारा बनाए जा रहे बीजामृत को देखा। महिला किसानों ने वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी वीपी तेकाम को बताया कि उन्होंने यह जैविक कीटनाशक गोबर, गोमूत्र, नीम की पत्तियों और अन्य प्राकृतिक चीजों का उपयोग करके तैयार किया है। उन्होंने बताया कि यह विधि फसलों को बीमारियों से बचाने, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और खेती की लागत को कम करने में बहुत प्रभावी है।

वीपी तेकाम ने महिलाओं के इस प्रयास की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह देखकर खुशी हो रही है कि अब गांव की महिलाएं भी प्राकृतिक खेती को अपना रही हैं। उन्होंने इस पद्धति को कृषि उत्पादन के साथ-साथ समाज के स्वास्थ्य के लिए भी बहुत फायदेमंद बताया। महिला किसानों ने कृषि अधिकारी का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके मार्गदर्शन से उन्हें खेती की नई तकनीक सीखने में मदद मिली है। इस कार्यक्रम में उद्योगिनी संस्था से अमित पटेल, संदीप श्रीवास, सरोज परिवार और परमेश्वरी सोनवानी भी मौजूद थे। लगभग 12 गांवों की महिला किसानों ने इस पाठशाला में भाग लिया।



 

Leave a Comment