माटी के गणेश बनाने की कार्यशाला आयोजित

माटी के गणेश बनाने की कार्यशाला आयोजित

  • रानी दुर्गावती कॉलेज में ग्राम विकास समितियों का प्रशिक्षण
  • समाज और सरकार के बीच सेतु का कार्य करेगी प्रस्फुटन समितियां

मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र जन अभियान परिषद द्वारा रानी दुर्गावती महाविद्यालय मंडला में विकासखंड स्तरीय ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की सक्रियकरण बैठक और प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने माँ सरस्वती की पूजा के साथ किया। इस अवसर पर जिला समन्वयक राजेंद्र चौधरी ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि किसी भी गाँव या नगर का विकास तब तक संभव नहीं है, जब तक वहाँ के लोग खुद विकास में सक्रिय न हों। उन्होंने बताया कि समाज की इसी स्वैच्छिक प्रवृत्ति को बढ़ावा देने के लिए हर साल ग्राम और नगरीय क्षेत्रों में प्रस्फुटन समितियों का गठन किया जाता है। परिषद इन समितियों के माध्यम से हर घर तिरंगा, एक पेड़ माँ के नाम, नशा मुक्ति अभियान और नवांकुर सखी हरियाली यात्रा जैसे विभिन्न अभियानों में भी सहयोग करती है।

कार्यशाला में बाल कल्याण समिति की सदस्य तृप्ति शुक्ला ने कहा कि जन अभियान परिषद सरकार और समाज के बीच एक सेतु की तरह काम करती है। ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के जरिए शासन की जन-कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर गाँवों में अंतिम छोर तक खड़े व्यक्ति को लाभ पहुँचाया जाता है। नर्मदा समग्र के पूर्व संभाग समन्वयक लालाराम चक्रवर्ती ने माटी गणेश सिद्ध गणेश सृजन योजना के तहत लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए माटी के गणेश बनाने का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने गणेश चतुर्थी के अवसर पर हर घर में माटी के गणेश की स्थापना करने का आह्वान किया। कार्यशाला के अंत में विकासखंड समन्वयक संतोष कुमार झारिया ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान मेंटर्स, प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधि, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि और सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



 

Leave a Comment