गुरूकुल के शिविरार्थियों का पारंपरिक कलाओं का अद्भुत प्रदर्शन
- काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल में युवक-युवती चरित्र निर्माण शिविर का समापन
मंडला महावीर न्यूज 29. काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल जिलहरी घाट में आयोजित छह दिवसीय युवक-युवती चरित्र निर्माण शिविर का समापन समारोह बड़े ही धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। 10 से 15 मई तक चले इस शिविर में जिला मंडला के अनेक समाजसेवी, विभिन्न संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि वेदप्रकाश कुलस्ते, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, प्रिया धुर्वे और विभिन्न गुरुकुलों के प्रतिष्ठित आचार्य, सर्वेश शास्त्री वेदयोग गुरुकुल, खंडवा, आचार्य अग्नि देव ब्रह्मचर्यतीर्थ गुरुकुल, पंजाब, आचार्य सत्येंद्र परली वैजनाथ गुरुकुल, महाराष्ट्र और आचार्या आर्याशा कन्या गुरुकुल, हरियाणा मौजूद रही। इस दौरान पतंजलि योग समिति के सदस्यों सहित जिले के कई अन्य संगठनों के सदस्य एवं धर्मप्रेमी भी इस वार्षिक महोत्सव में शामिल हुए।
समापन समारोह में शिविरार्थियों और गुरुकुल के ब्रह्मचारियों ने अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लाठी, तलवार, भाला, रस्सा मलखंब, कराटे और कलारी पट्टू जैसी पारंपरिक युद्ध कलाओं का जीवंत प्रदर्शन देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। युवाओं ने शारीरिक कौशल और अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया, जो शिविर के दौरान प्राप्त प्रशिक्षण का परिणाम था। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने गुरुकुल के छात्रों के समर्पण और कौशल की सराहना की।
उन्होंने चरित्र निर्माण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को भारतीय संस्कृति और मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। गुरुकुल के इस वार्षिक महोत्सव ने न केवल छात्रों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि समाज में शिक्षा और संस्कृति के महत्व को भी रेखांकित किया। यह आयोजन मंडला जिले के लिए एक प्रेरणादायक और गौरवपूर्ण क्षण रहा।










