शिक्षिका के सूने घर में दिन दहाड़े चोरी, नगदी व जेवर ले गए चोर
- निवास से शहपुरा मार्ग के बीच ग्राम मानिकपुर की घटना
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत निवास से शहपुरा मार्ग के बीच स्थिति ग्राम मानिकपुर पर शासकीय शिक्षिका के सूने मकान पर नगदी सहित कीमती जेवर अज्ञात चोरों ने दिन दहाड़े पार कर दिए। जिसकी शिकायत पुलिस से की गई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर लगभग 12 बजे हाई स्कूल बिसौरा में पदस्थ शिक्षिका मिथलेश दुबे जब स्कूल से वापस अपने घर पहुंची तो सामने गेट का ताला टूटा देखा। अंदर दरवाजे का भी ताला टूटा देखा। इसके बाद शिक्षिका अंदर गई तो देखा कि आलमारी का लॉक टूटा है और कपड़े बिखरे हुए है तो वह दंग रह गई।
आलमारी के अंदर रखे कीमती जेवर और नगद 20 हजार रुपए गायब कर दिए गए। घटना की जानकारी उन्होंने परिजनों और निवास पुलिस को भी दी। जानकारी मिलते ही निवास थाना स्टाफ मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की है। पीडि़ता के अनुसार अलमारी में रखे लगभग चार तोला सोना, ढाई सौ ग्राम चांदी और 20 हजार नगदी चारों ने पार कर दिए। शिक्षिका मिथलेश दुबे ने बताया कि मैं हाई स्कूल बिसौरा पर शिक्षिका के पद पर पदस्थ हूं सुबह स्कूल चले गई थी। पति परस राम दुबे अपने इलाज के लिए जबलपुर गए हुए हैं तभी अज्ञात चोरों ने सूने घर का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया।










