दीवाली की रात पुरानी भरमार बंदूक फटने से किसान की मौत, सीने में लगा छर्रा

Advertisements

दीवाली की रात पुरानी भरमार बंदूक फटने से किसान की मौत, सीने में लगा छर्रा

निवास के जंगलिया गांव में दीपावली की रात हादसा

  • बंदूक खाली करने के दौरान अचानक हुआ विस्फोट
  • पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी आगे की कार्रवाई

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जंगलिया के आटी टोला में दीवाली की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। त्योहार के दौरान पुरानी लाइसेंसी भरमार बंदूक फटने से 42 वर्षीय एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। बंदूक से निकला छर्रा सीधा किसान के सीने में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, तत्काल किसान को निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे।

जानकारी अनुसार मृतक भारत सिंह मार्को 42 वर्ष पिता रामसिंह मार्को, निवासी ग्राम जंगलिया खेती-किसानी का कार्य करते थे। दीपावली की रात उनके पास रखी पुरानी लाइसेंसी भरमार बंदूक की पूजा आदि के लिए उसे खाली करने की प्रक्रिया की जा रही थी। इस कार्य में सहयोग के लिए उन्होंने दो अन्य साथियों को भी बुलाया था। इसी दौरान जब बंदूक को खाली करने की कोशिश की जा रही थी, इसी दौरान अचानक उसमें जोरदार विस्फोट हो गया। बंदूक से छूटा एक छर्रा भारत सिंह के सीने में जा धंसा, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत 

हादसे के तुरंत बाद घबराए परिजन उन्हें तत्काल एक निजी वाहन से निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां कर्तव्यरत डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और परिजनों व अन्य साथियों से पूछताछ शुरू कर दी।

पुलिस कर रही मामले की जांच 

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि बंदूक की सफाई या उसे खाली करने के दौरान यह दुर्घटना हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Leave a Comment