पेंचवैली एक्सप्रेस के विस्तार और नागपुर के लिए नई ट्रेन की उठी मांग
मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन पर रेल जनसंवाद आयोजित
- अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सुधरेगी मंडला फोर्ट की तस्वीर
- रेल विकास समिति ने डीआरएम के नाम सौंपा ज्ञापन
मंडला महावीर न्यूज 29. भारतीय रेल के विशेष अभियान-6 के अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन पर रेल जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्टेशन प्रबंधक आरके श्रीवास्तव एवं विनय सिन्हा के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में स्टेशन सलाहकार समिति के सदस्यों, रेल विकास समिति मंडला के पदाधिकारियों, यात्रियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
जनसंवाद कार्यक्रम के प्रारंभ में स्टेशन प्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत हुए विकास कार्यों और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। तत्पश्चात जनसंवाद में मंडला एवं डिंडोरी जिले की रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने और मंडला फोर्ट को विकसित टर्मिनल के रूप में तैयार करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस अवसर पर रेल विकास समिति मंडला द्वारा मंडल रेल प्रबंधक, नागपुर के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें मुख्य रूप से पेंचवैली एक्सप्रेस (19343/19344) का मंडला तक विस्तार करने, नागपुर के लिए दैनिक ट्रेन चलाने, छिंदवाड़ा, नैनपुर पैसेंजर (58825/58826) का विस्तार करने, ट्रेनों में पानी भरने की व्यवस्था शुरू करने और टर्मिनल विकास की मांगें रखी गईं।
कार्यक्रम में स्टेशन सलाहकार समिति के सदस्य विवेक अग्निहोत्री,सुधीर कसर, नीरज कंडा, श्रीमती रेणुका परमार तथा रेल विकास समिति के अध्यक्ष रोचीराम गुरवानी, प्रियांशु जोशी, अभिजीत सोनवानी, अखिलेश सोनी व आयुष चौरसिया सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे। समिति ने उम्मीद जताई है कि रेलवे प्रशासन इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कदम उठाएगा।










