मादा सांभर के शिकार के दो आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल
गश्त के दौरान हत्थे चढ़े दो शिकारी
- मादा सांभर का शव और धारदार हथियार जब्त
- कान्हा टाइगर रिजर्व के भैसानघाट परिक्षेत्र में कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व के अंतर्गत परिक्षेत्र भैसानघाट में वन विभाग के गश्ती दल ने अवैध शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस एवं वन विभाग द्वारा आरोपियों के पास से शिकार में प्रयुक्त धारदार हथियार और एक मादा सांभर का शव बरामद किया गया है।
जानकारी अनुसार रविवार को भैसानघाट परिक्षेत्र में नियमित गश्त के दौरान वन विभाग की टीम ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से एक धारदार फरसा बरामद हुआ। वन अमले द्वारा जब आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उनकी निशानदेही पर वन क्षेत्र से अवैध रूप से शिकार की गई एक मादा सांभर का शव बरामद कर विधिवत जब्त किया गया।
पशु चिकित्सक ने किया शव परीक्षण
घटनास्थल पर ही गश्ती दल ने नियमानुसार जब्ती पंचनामा तैयार कर प्राथमिक वन अपराध प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद कान्हा टाइगर रिजर्व के वरिष्ठ वन्यप्राणी चिकित्सा अधिकारी द्वारा मृत सांभर के शव का परीक्षण किया गया। मामले की गहनता एवं कानूनी साक्ष्यों की पुष्टि के लिए आवश्यक रासायनिक जांच हेतु शव के विभिन्न अंगों एवं चमड़ी के नमूने सुरक्षित रूप से संग्रहित किए गए हैं।
न्यायालय ने आरोपियों को भेजा जेल
इस पूरी कार्रवाई के दौरान सहायक संचालक हॉलोन, परिक्षेत्र अधिकारी भैसानघाट सहित वन विभाग का अधीनस्थ अमला मुस्तैद रहा। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को सोमवार 5 अक्टूबर को न्यायालय, बैहर के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वन विभाग द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है।











