वन-वे मार्ग पर घंटों रेंगता रहा यातायात, घंटों फंसे रहे वाहन

Advertisements

वन-वे मार्ग पर घंटों रेंगता रहा यातायात, घंटों फंसे रहे वाहन

  • एनएच-30 पर चिरी घाट में पहाड़ का मलबा बना जाम का कारण
  • सीएम के काफिले के बाद छूटे भारी वाहनों से चिरी घाट में बिगड़े हालात

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर कुड़ामैली और चिरी घाट के बीच रविवार रात्रि भीषण जाम लगने से यात्रियों और वाहन चालकों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। पहाड़ से गिर रहे मलबे और पत्थरों के कारण हाईवे का आधा हिस्सा अवरुद्ध हो गया है, जिससे यह मार्ग वन-वे में तब्दील हो गया है। रविवार शाम मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद एक साथ छूटे भारी वाहनों के दबाव से यहां यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

सीएम के काफिले के लिए रोके गए थे भारी वाहन 

जानकारी अनुसार मंडला में आयोजित तेंदूपत्ता संग्राहक बोनस राशि वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निर्धारित समय से देरी से शाम करीब पांच बजे पहुंचे। कार्यक्रम समापन के बाद मुख्यमंत्री का काफिला सड़क मार्ग से जबलपुर के लिए रवाना हुआ। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर नारायणगंज क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही रोककर उन्हें एक कतार में खड़ा करा दिया गया था। सीएम का काफिला गुजरने के बाद जब इन वाहनों को एक साथ छोड़ा गया, तो आगे जाकर चिरी घाट में जाम के हालात बन गए।

पहाड़ के मलबे और गड्ढे ने बढ़ाई मुसीबत

एनएच-30 पर कुड़ामैली और चिरी घाट के बीच पहाड़ काटकर बनाए गए इस मार्ग पर आए दिन जाम की स्थिति बनती है। वर्तमान में पहाड़ से गिरने वाले पत्थरों और मलबे ने आधी सड़क को घेर रखा है, साथ ही मार्ग किनारे एक बड़ा गड्ढा भी हो गया है। इस कारण मार्ग से एक समय में केवल एक ही वाहन निकल पा रहा है और वाहनों की क्रॉसिंग नहीं हो पा रही है।

टिकरिया पुलिस ने संभाला मोर्चा 

रविवार रात जब दोनों तरफ से वाहनों का दबाव बढ़ा, तो क्रॉसिंग न हो पाने के कारण घाट पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की सूचना मिलते ही टिकरिया थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस बल ने कड़ी मशक्कत के बाद एक-एक कर वाहनों को बाहर निकाला और देर रात यातायात को पुन: सुचारू कराया।


Leave a Comment

You May Like This