दोपहिया और चौपहिया वाहनों से हो रही शराब की तस्करी

Advertisements

मोहगांव माल की स्वीकृत दुकान से गांवों में शराब की अवैध सप्लाई

दोपहिया और चौपहिया वाहनों से हो रही तस्करी

  • आबकारी नियमों की उड़ रहीं धज्जियां
  • गांवों में धड़ल्ले से हो रही अवैध शराब की होम डिलीवरी
  • ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

मंडला महावीर न्यूज 29. आबकारी विभाग के कड़े नियमों और दावों के बावजूद मोहगांव विकासखंड क्षेत्र में लाइसेंस प्राप्त शराब दुकान से ग्रामीण इलाकों में अवैध रूप से शराब सप्लाई करने का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। बताया गया कि मोहगांव माल स्थित स्वीकृत शराब दुकान के संचालक और उनके कर्मचारी नियमों को ताक पर रखकर मोटरसाइकिल व चारपहिया वाहनों के जरिए गांवों के भीतर शराब की अवैध खेप पहुंचा रहे हैं।

जानकारी अनुसार आबकारी नियमों के तहत किसी भी लाइसेंसधारी दुकान को केवल अपने निर्धारित परिसर के भीतर ही शराब बेचने की अनुमति होती है। वाहनों के माध्यम से गांवों में घूम-घूमकर शराब बेचना या सप्लाई करना पूर्णत: गैरकानूनी है। इसके बावजूद अधिक मुनाफे के लालच में ठेकेदार द्वारा ग्रामीण युवाओं और असामाजिक तत्वों के माध्यम से गांवों में शराब पहुंचाई जा रही है, जिससे ग्रामीण अंचलों की शांति व्यवस्था भंग हो रही है।

वाहन राजसात होने और लाइसेंस निरस्त होने का है प्रावधान 

कानूनी जानकारों के अनुसार मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 47 के तहत अवैध शराब परिवहन में प्रयुक्त वाहनों (दोपहिया या चारपहिया) को सीधे राजसात (जब्त) करने का प्रावधान है। यदि वाहन में 50 बल्क लीटर से अधिक शराब पाई जाती है, तो यह गैर-जमानती अपराध की श्रेणी में आता है, जिसमें तीन वर्ष तक की सजा हो सकती है। साथ ही, अवैध परिवहन में दुकान संचालक की संलिप्तता सिद्ध होने पर दुकान का लाइसेंस भी निरस्त किया जा सकता है।

ग्रामीणों में आक्रोश, चक्काजाम की दी चेतावनी 

गांवों में आसानी से अवैध शराब उपलब्ध होने के कारण असामाजिक तत्वों और शराबियों का जमावड़ा बढ़ रहा है, जिससे महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस ने शीघ्र ही अवैध परिवहन पर रोक नहीं लगाई, तो वे चक्काजाम और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रबुद्ध नागरिकों ने जिला प्रशासन व आबकारी विभाग से ग्रामीण मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।


 

Leave a Comment

You May Like This