30 सालों से अंधेरे में भोंगाद्वार के 9 परिवार

Advertisements

30 सालों से अंधेरे में भोंगाद्वार के 9 परिवार

प्रशासन से गुहार लगाकर थके ग्रामीण

  • चिराईडोंगरी पंचायत का भोंगाद्वार मोहल्ला बिजली से वंचित
  • मोबाइल की टॉर्च से कट रही रातें

मंडला महावीर न्यूज 29. विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच मंडला जिले के विकासखंड नारायणगंज की ग्राम पंचायत चिरईडोंगरी के वार्ड नंबर 8 के अंतर्गत आने वाले भोंगाद्वार मोहल्ले में आज भी 9 परिवारों के करीब 40 लोग बिना बिजली के जीवन गुजारने को विवश हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप स्थित इस बसाहट में ग्रामीण पिछले 30 वर्षों से निवास कर रहे हैं, लेकिन आज तक यहां विद्युतीकरण नहीं हो सका है।इस मोहल्ले में निवास करने वाले लखन विश्वकर्मा, रामा विश्वकर्मा, जय सिंह विश्वकर्मा, मनीष यादव, मोना यादव, कृष्णा बाई यादव, प्रकाश अहिरवार, सतेन्द्र अहिरवार और सेवक लाल कुशराम के परिवार लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। ग्रामीणों ने अपनी इस समस्या को लेकर जनसुनवाई में आवेदन देने के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन 181, कलेक्टर, स्थानीय विधायक और केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते तक से गुहार लगाई है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।बताया गया कि बिजली न होने के कारण सबसे अधिक परेशानी रात के समय होती है। ग्रामीण अब मोबाइल की टॉर्च या बैटरी के सहारे रातें गुजारने को मजबूर हैं, क्योंकि पहले मिलने वाला मिट्टी का तेल भी अब उपलब्ध नहीं है। बारिश के मौसम में जहरीले कीड़े, जीव, जंतुओं का खतरा बना रहता है, वहीं बच्चों की पढ़ाई भी पूरी तरह से बाधित हो रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अतिशीघ्र विद्युतीकरण की मांग की है।

इनका कहना है

हम चिरईडोंगरी पंचायत के वार्ड नंबर 8 में विगत 30 साल से निवास कर रहे हैं, लेकिन आज तक यहां नल-जल योजना और लाइट की कोई सुविधा नहीं है। हमने 181, कलेक्टर, विधायक और सांसद तक को शिकायत की है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है; शासन की तरफ से सिर्फ आश्वासन मिलता है। बिना लाइट के बहुत दिक्कत है, मिट्टी का तेल मिलता नहीं है, मोबाइल या बैटरी जलाकर बच्चों को पढ़ाना पड़ता है। हम बस यही चाहते हैं कि हमें ये मूलभूत सुविधाएं मिल जाएं।


लखन विश्वकर्मा, ग्रामीण

मैं 30 साल से यहां रह रहा हूं और तब से लाइट की रोशनी नहीं देखी है। पहले मिट्टी का तेल मिल जाता था तो उससे काम चला लेते थे, लेकिन अब वह भी नहीं मिल रहा है। मोबाइल की टॉर्च जलाकर किसी तरह गुजारा करते हैं। बरसात के दिनों में अंधेरे की वजह से कीड़े-कांटे (जहरीले जीव) का डर बना रहता है। हमने कई बार शासन-प्रशासन से शिकायत की, लेकिन हमारी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

जय सिंह विश्वकर्मा, ग्रामीण


Leave a Comment