बीजाडांडी में बेखौफ बदमाश
माइक्रो फाइनेंस कर्मचारी से मारपीट कर 47 हजार रुपये
- मोबाइल और टैबलेट की लूट
- मंडला में कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
- लगातार हो रही लूट और चोरी की घटनाओं से स्थानीय नागरिकों में दहशत
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र में अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। यहां चोरी और लूट के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। गुरुवार, 24 सितंबर 2026 को क्षेत्र में एक बार फिर लूट की एक गंभीर वारदात सामने आई है, जहां बदमाशों ने एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को निशाना बनाते हुए नकदी और कीमती सामान लूट लिया।

टक्कर मारकर गिराया, फिर की मारपीट
भारत फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट के पद पर कार्यरत पीड़ित युवक अमन रजक ने बताया कि वह ग्राम डोभी और जमुनिया में महिलाओं के समूहों से किश्त (कलेक्शन) की राशि वसूलकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान जमुनिया और उदयपुर रोड पर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और उसका बैग छीनकर फरार हो गए।
47 हजार नकद और गैजेट्स ले उड़े लुटेरे
मामले की जानकारी देते हुए एसडीओपी पीएस वालरे ने बताया कि अमन रजक भारत फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के समूह बनाकर लोन देने और रिकवरी का काम करती है। कलेक्शन कर लौटते समय जमुनिया के पास दो अज्ञात युवकों ने उसके साथ मारपीट कर बैग लूट लिया। बैग में 47,420 रुपये नकद, एक मोबाइल और एक टैबलेट मौजूद था। एसडीओपी ने आश्वस्त किया है कि पुलिस की विभिन्न टीमें लुटेरों की पतासाजी में जुटी हुई हैं और जल्द ही इस वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे गंभीर सवाल
बीजाडांडी थाना क्षेत्र में सिलसिलेवार हो रही आपराधिक घटनाओं से पुलिस की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इससे पहले 9 अगस्त 2026 को मनेरी स्थित एक पेट्रोल पंप पर लूट की सनसनीखेज वारदात हुई थी। इसके कुछ समय बाद ही बीजाडांडी ब्लॉक मुख्यालय की एक हार्डवेयर दुकान में चोरी का मामला सामने आया। अब 24 सितंबर को फिर से दिनदहाड़े लूट की इस घटना ने स्थानीय नागरिकों में भय और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लगातार हो रहे अपराधों के कारण आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।










