दिव्यांग बच्चों के लिए लगा विशेष स्वास्थ्य शिविर
51 बच्चे सहायक उपकरणों के लिए हुए चयनित
- एक ही छत के नीचे मिली सुविधाएं
- 158 बच्चों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
- 33 के बने नए दिव्यांग प्रमाण पत्र
मंडला महावीर न्यूज 29. दिव्यांग बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें आवश्यक सहायक उपकरणों से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को जनपद शिक्षा केंद्र नारायणगंज में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों से आए दिव्यांग बच्चों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण किया गया। सुविधाओं के एक ही छत के नीचे मिलने से बच्चों और उनके अभिभावकों को बड़ी राहत मिली।
दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर का शुभारंभ शिक्षा स्थायी समिति के अध्यक्ष एवं जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह संपूर्ण आयोजन कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शाश्वत मीणा एवं जिला परियोजना समन्वयक अशोक शुक्ला के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ।

158 की जांच, 33 नए प्रमाण पत्र बने
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने पूरे दिन तत्परता दिखाते हुए कुल 158 दिव्यांग बच्चों के स्वास्थ्य की गहन जांच की। जांच प्रक्रिया के बाद मौके पर ही 33 बच्चों के नए दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए, जबकि 8 बच्चों के पुराने प्रमाण पत्रों का नवीनीकरण किया गया। प्रमाण पत्र बनने से उन अभिभावकों को विशेष सुविधा मिली, जो लंबे समय से इस प्रक्रिया के पूरा होने की प्रतीक्षा कर रहे थे।
51 बच्चों को मिलेंगे सहायक उपकरण
स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ शिविर में एलिमको (ALIMCO) जबलपुर की टीम भी मौजूद रही। एलिमको टीम ने चिकित्सकों की अनुशंसा के आधार पर बच्चों की जांच की और उनकी जरूरत के अनुसार कृत्रिम अंगों व उपकरणों का नाप लिया। परीक्षण के बाद कुल 51 बच्चों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिन्हित किया गया है, जिन्हें आगामी समय में ये उपकरण वितरित किए जाएंगे।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
शिविर की व्यवस्थाओं और सुचारू संचालन में एमआरसी व शिविर प्रभारी शेख इरफ़ान की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उन्होंने बच्चों के पंजीयन, चिकित्सकीय परीक्षण, प्रमाण पत्र की कार्यवाही और एलिमको टीम के बीच बेहतरीन समन्वय स्थापित किया। वहीं, सहायक परियोजना समन्वयक के.के. उपाध्याय ने शिविर की गतिविधियों का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
चिकित्सकों व शिक्षकों का मिला सहयोग
शिविर में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमेंद्र चौहान, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित चौरसिया, मेडिकल बोर्ड शाखा प्रभारी राम मिश्रा, ज्योति टोप्या एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर रोहित पटेल ने अपनी चिकित्सकीय सेवाएं दीं। एलिमको टीम की ओर से डॉ. अखिलेश यादव, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. अक्षय ए. मोरे और डॉ. निखिल गौतम मौजूद रहे।
आयोजन को सफल बनाने में बीएसी राजीव वर्मा, चरण लाल प्रजापति, शिविर प्रभारी शेख इरफ़ान, जनशिक्षक विनय सोनी, दिनेश सैयाम, रामदयाल वरकड़े, सुभाष साहू, सहदेव मरावी, मनीराम मरावी, नन्हेलाल मरावी, मंगरू सिंह गौठरिया, शंकरिया उड़के, खेमलता वरकड़े, शालिनी ठाकुर, कमलेश मरावी, राकेश बर्मन, शुभम नामदेव, सौरभ यादव, हर्षिता नेमा, शिक्षा कछवाहा, भारती जाटव, प्रकाश सिंगरौरे एवं श्यामसुंदर चंद्रौल सहित अन्य शिक्षकों व कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।










