श्याम भजन कीर्तन में गूंजा बाबा खाटू श्याम का जयकारा
श्री झूलेलाल गणेश उत्सव समिति ने आयोजित किया भजन कीर्तन
- इंद्रेश तलरेजा के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
- खाटू श्याम के जयकारों से गूंजा सुभाष वार्ड
- भजन-कीर्तन में देर तक बही भक्तिरस की धारा
मंडला महावीर न्यूज 29. नगर के सुभाष वार्ड स्थित श्री झूलेलाल गणेश उत्सव समिति के तत्वावधान में भव्य श्याम भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम में गायक इंद्रेश तलरेजा ने बाबा खाटू श्याम के भजनों की ऐसी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं कि उपस्थित श्रद्धालु पूरी तरह भक्ति में सराबोर हो गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की आरती, विशेष पूजा और पल्लव अरदास के साथ किया गया। इस अवसर पर ईश्वर से सभी परिवारों की सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की गई। इसके पश्चात बाबा खाटू श्याम जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर संकीर्तन का विधिवत शुभारंभ हुआ।

गायक इंद्रेश तलरेजा के मधुर भजनों से पूरा कार्यक्रम स्थल भक्तिमय हो उठा। श्याम भजनों पर श्रद्धालु झूमते और तालियां बजाते नजर आए। भजनों के बीच-बीच में लग रहे बाबा खाटू श्याम के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया और देर रात तक आयोजन में भक्तिरस की अविरल धारा बहती रही।
इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में धर्म और आस्था प्रेमियों ने सहभागिता की। श्रद्धालुओं ने सपरिवार पहुंचकर भजन और संकीर्तन का आनंद उठाया। कार्यक्रम को सफल बनाने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समिति की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। भजन-कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से बाबा श्याम का गुणगान किया और आयोजन के समापन पर सभी को प्रसादी का वितरण किया गया।










