किन्नर समाज ने की विघ्नहर्ता की महाआरती
श्री झूलेलाल गणेशोत्सव में लगा छप्पन भोग, उमड़े श्रद्धालु
- श्री झूलेलाल गणेशोत्सव में गूंजे बप्पा के जयकारे
- किन्नर समाज ने मांगी सुख-समृद्धि, घरों से व्यंजन लेकर पहुंचे भक्त
मंडला महावीर न्यूज 29. नगर के सुभाष वार्ड स्थित श्री झूलेलाल गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेशोत्सव के पावन पर्व पर भव्य महाआरती और छप्पन भोग का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में किन्नर समाज ने विशेष रूप से सहभागिता की। उन्होंने श्रद्धापूर्वक विघ्नहर्ता भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर महाआरती की और नगरवासियों एवं सभी परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना की।
घरों से व्यंजन लेकर पहुंचे श्रद्धालु, लगा छप्पन भोग
महाआरती में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया, जिससे पूरा पंडाल गणपति बप्पा के जयकारों से भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर सिद्धिविनायक को छप्पन भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालु अपने-अपने घरों से विविध प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर भगवान के भोग के लिए लेकर पहुंचे थे। आयोजन में बप्पा के साथ-साथ मां जगतजननी की भी विशेष आराधना की गई।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा सहित नगर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजन में पंडित रानूनाथ शर्मा और रपटा घाट स्थित संध्या आरती मंच के सदस्यों का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
पल्लव पूजा और महाप्रसादी के साथ हुआ समापन
आयोजन के अंत में सिंधी समाज की परंपरागत पल्लव पूजा संपन्न की गई, जिसके बाद उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को छप्पन भोग की महाप्रसादी का वितरण किया गया। समिति सदस्यों ने बताया कि गणेशोत्सव के दौरान पंडाल में प्रतिदिन विविध धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों का क्रम जारी है।










