नैनपुर सिवनी फाटक पर ओवरब्रिज की मांग
रेल रोको आंदोलन की तैयारी में जुटी आम आदमी पार्टी
- 28 सितंबर को होगा बड़ा प्रदर्शन
- प्रशासन की हीलाहवाली के खिलाफ आप का अल्टीमेटम
- सिवनी फाटक ओवरब्रिज के लिए 28 को होगा ‘रेल रोको आंदोलन’
मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर नगर के सिवनी फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। प्रशासन की निष्क्रियता से नाराज ‘आप’ कार्यकर्ता आगामी 28 सितंबर को निर्णायक “रेल रोको आंदोलन” करने जा रहे हैं। इस बड़े प्रदर्शन की रणनीति और तैयारियों को लेकर 20 सितंबर को आम आदमी पार्टी जिला मंडला की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
जनता हो रही परेशान, प्रशासन बना मूकदर्शक
आम आदमी पार्टी का कहना है कि सिवनी रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण हजारों लोगों की अहम जरूरत है। फाटक बंद रहने के कारण स्कूली बच्चों से लेकर आपातकालीन स्थिति में अस्पताल जाने वाली एंबुलेंस और हजारों आम नागरिक प्रतिदिन जाम में फंसकर परेशान होते हैं। जनहित के इस मुद्दे को लेकर पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है।
चरणबद्ध आंदोलन के बाद भी थमा काम
पार्टी ने बताया कि ओवरब्रिज की मांग को लेकर उनके द्वारा जून माह में ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद 19 से 21 जुलाई तक तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया और फिर एक विशाल रैली निकालकर प्रशासन को पुनः ज्ञापन दिया गया। इन विरोध प्रदर्शनों के दबाव में प्रशासन ने सीमांकन जैसे कुछ शुरुआती कदम उठाए, लेकिन कुछ समय बाद प्रक्रिया फिर से ठंडे बस्ते में डाल दी गई।
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि उन्होंने पूर्व में ही ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी थी कि इस बार किसी भी तरह की प्रशासनिक हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी के तहत अब 28 सितंबर को निर्णायक रूप से ट्रेनें रोकने का फैसला लिया गया है।
बैठक में ये रहे मौजूद
आगामी ‘रेल रोको आंदोलन’ को सफल बनाने के लिए आयोजित इस अहम बैठक में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष पंकज सोनी, जिला उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश तिवारी, जिला संगठन मंत्री शिशु सिंधु भलावी, नगर अध्यक्ष महेंद्र हट्टेल और नगर उपाध्यक्ष राजा सोनी शामिल हुए। इसके अलावा वरिष्ठ कार्यकर्ता मनोज ठाकुर, पंकज जायसवाल, बालकृष्ण, नरेंद्र यादव, आशीष सराठे, आशीष रजक, आनंद राव मेश्राम, मुकेश नंदा, शेख शफीक, प्रियम गोस्वामी, राजा कांड्रा, श्याम श्रीवास, सोनिल खंडेलवाल सहित अन्य कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।










