आकाशीय बिजली की चपेट में आने से युवक की मौत

घुघरी में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 33 वर्षीय मनोहर की मौत

  • बुढऩेर नदी में मछली पकडऩे गए युवक की मौत, गरैया गांव में शोक
  • तेज बारिश के दौरान हादसा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

मंडला महावीर न्यूज 29. घुघरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम गरैया में रविवार को बुढऩेर नदी में एक युवक मछली पकडऩे गया हुआ था। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई और आसमान में बिजली चमकने लगी। इसी दौरान 33 वर्षीय युवक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी अनुसार ग्राम गरैया निवासी मनोहर सेन्द्राम पिता सहजू सिंह उम्र 33 वर्ष रविवार को गांव के पास बहने वाली बुढऩेर नदी में मछली पकडऩे के लिए गया हुआ था। इसी दौरान क्षेत्र में अचानक मौसम बदला और गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने का प्रयास करने के दौरान ही अचानक कड़कड़ाती आकाशीय बिजली सीधी मनोहर पर आ गिरी, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

युवक की मौत से गांव में पसरा मातम 

ग्रामीण देव सिंह कुंजाम ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मनोहर नदी में मछली पकडऩे गया था, इसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना की खबर मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस की सहायता से शव को नदी क्षेत्र से बाहर निकाला गया और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल 

अचानक घटे इस हादसे से मृतक मनोहर के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


Leave a Comment