राज्य स्तरीय वूशु प्रतियोगिता में मंडला का दबदबा
खिलाडिय़ों ने जीते 25 पदक, 6 का राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए चयन
- भोपाल में मंडला के वूशु खिलाडिय़ों ने लहराया परचम
- एसपी ने पदकों से किया सम्मानित, दीं शुभकामनाएं
मंडला महावीर न्यूज 29. भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित 25वीं मध्यप्रदेश राज्य वूशु चैंपियनशिप में मंडला जिले के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। विगत दिवस आयोजित इस सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर प्रतियोगिता में मंडला के खिलाडिय़ों ने कुल 25 पदकों पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मध्य प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास सारंग और खेल निदेशक चंचल शेखर की उपस्थिति में हुआ। मंडला जिले का यह दल टीम कोच सुमित रजक के कुशल नेतृत्व में प्रतियोगिता में शामिल होने भोपाल पहुंचा था।
6 खिलाडिय़ों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
प्रतियोगिता के सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्गों (ताउलू एवं सांडा स्पर्धा) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मंडला के खिलाडिय़ों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किए। बताया गया कि विशेष उपलब्धि यह रही कि 6 स्वर्ण पदक विजेता खिलाडिय़ों का चयन आगामी राष्ट्रीय वूशु प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहाँ वे मध्यप्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बताया गया कि पदक विजेताओं ने स्वर्ण पदक 6 खिलाड़ी समर्थ विश्वकर्मा, हर्ष बनवाला, यशिका डागोर, अनाया छत्री, शिवी श्रीवास्तव और इब्तिदा नाज ने हासिल किया। रजत पदक 8 खिलाड़ी प्रखर बर्मन, आर्या शुक्ला, लवलीन कुकरेजा, रितिका बनवाला, हेतल तलरेजा, आशुतोष जसवाल, शिवी श्रीवास्तव और अनाया छत्री ने हासिल किया। कांस्य पदक 6 खिलाड़ी नित्याश्री मार्को, मानिका तिवारी, अनुज रजक, श्रेयांश चौरसिया, समर्थ डहरवाल और आशुतोष जसवाल ने हासिल किया है।
पुलिस अधीक्षक ने किया खिलाडिय़ों का सम्मान
भोपाल से मंडला लौटने पर विजेता दल का भव्य स्वागत किया गया। मंडला पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा ने सभी पदक विजेता खिलाडिय़ों को पदक व प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित 6 खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाडिय़ों की इस अभूतपूर्व सफलता पर जिले के खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और गणमान्य नागरिकों ने बधाई व शुभाशीष दिए हैं।










