नर्मदा में डूबती युवती की जान बचाने वाले बने फरिश्ते

नर्मदा में डूबती युवती की जान बचाने वाले बने फरिश्ते

अदम्य साहस के लिए तीन युवक एसपी द्वारा सम्मानित

  • बिना समय गंवाए नदी में कूद गए थे युवा
  • रपटा पुल से युवती ने लगाई थी छलांग
  • अपनी जान पर खेलकर बचाने वाले युवाओं का पुलिस अधीक्षक ने बढ़ाया मान

मंडला महावीर न्यूज 29. नर्मदा नदी में डूब रही एक युवती की जान बचाने में अदम्य साहस और तत्परता का परिचय देने वाले जिले के तीन युवाओं को पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी ने सम्मानित किया है। इन युवाओं की बहादुरी की बदौलत एक बड़ी अनहोनी टल गई और युवती को सुरक्षित बचा लिया गया।
जानकारी अनुसार घटना 18 सितंबर की शाम लगभग 5 बजे की है। एक युवती ने रपटा बड़े पुल से अचानक नर्मदा नदी में छलांग लगा दी थी। उस दौरान मौके पर मौजूद तीन युवक रमपुरा निवासी सोनू उइके पिता छोटेलाल उइके, लालीपुर निवासी कुनाल करोसिया पिता मनोज करोसिया और सुनील ठाकुर पिता राकेश ठाकुर ने तुरंत अपनी सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। बिना समय गंवाए तीनों ने नदी में छलांग लगा दी और डूबती हुई युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

अस्पताल में चल रहा उपचार, एसपी ने की सराहना 

युवती को पानी से बाहर निकाले जाने के बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया। पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने इन तीनों साहसी युवकों को अपने कार्यालय बुलाकर उनसे मुलाकात की। एसपी ने दूसरे की जान बचाने के लिए उनके द्वारा दिखाए गए इस मानवीय और साहसिक कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उन्हें सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।


 

Leave a Comment