जनगणना में ओबीसी के अलग कॉलम की मांग

Advertisements

जनगणना में ओबीसी के अलग कॉलम की मांग

अनिश्चितकालीन धरना आठवें दिन भी जारी

  • राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
  • मंडला: ओबीसी महासभा का धरना 8वें दिन भी जारी
  • जनगणना में अलग कॉलम और माधोपुर-मरारटोला मार्ग सहित 5 प्रमुख स्थानीय मांगें उठाईं
  • माधोपुर से मरारटोला तक सड़क मार्ग, कछारी टोला को स्वतंत्र पंचायत गठित की मांग गहराई

मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा और अखिल भारतीय ओबीसी महासभा, जिला मंडला के संयुक्त तत्वावधान में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना आठवें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने जनगणना-2027 में ओबीसी वर्ग के लिए अलग कॉलम बनाने और विभिन्न स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर महामहिम राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।

जनगणना में ओपन कॉलम का विरोध, पारदर्शी प्रणाली की मांग

मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार ने आगामी जनगणना-2027 में जातिवार गणना का निर्णय लिया है, लेकिन प्रश्नावली में ओबीसी के लिए ‘ओपन कॉलम’ की व्यवस्था रखी गई है, जिससे आंकड़े भ्रामक हो सकते हैं। संगठन ने 2011 की जनगणना का हवाला देते हुए कहा कि उस समय भी इसी ओपन पद्धति के कारण 46.7 लाख जातियां सामने आ गई थीं, जिसके बाद सरकार ने आंकड़े जारी करने से ही मना कर दिया था। इसे ओबीसी वर्ग के साथ धोखा बताते हुए संगठन ने मांग की है कि एससी-एसटी की तरह ओबीसी के लिए भी अलग कॉलम बनाया जाए। साथ ही, राज्यवार मास्टर जाति निर्देशिका और हर जाति के लिए विशिष्ट कोड वाली मानकीकृत, पारदर्शी एवं ऑडिट योग्य प्रणाली लागू की जाए।

किसानों और शिक्षकों के हित में उठाई आवाज

अखिल भारतीय ओबीसी महासभा ने राष्ट्रीय मुद्दों के साथ-साथ 5 प्रमुख स्थानीय मांगें भी पुरजोर तरीके से उठाई हैं। इनमें किसानों के हित में धान का समर्थन मूल्य 3500 रुपये प्रति क्विंटल करने और कृषि में उपयोग होने वाली कीटनाशक दवाओं के दाम कम करने की मांग शामिल है। शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए मंडला जिले के ‘अटैच’ शिक्षकों को उनके मूल स्कूलों में वापस भेजने और अतिथि शिक्षकों को नियमित करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई है।

सड़क, पुल और स्वतंत्र पंचायत की मांग ने पकड़ा जोर

क्षेत्रीय विकास को लेकर संगठन ने कई बुनियादी मांगे रखी हैं। इनमें माधोपुर से मरारटोला, करियागांव, डगनी टोला, जैताटोला और दफाई टोला को जोड़ने वाले मार्ग का निर्माण, और करियागांव-मरारटोला के बीच मटियारी डेम पर पुल निर्माण की मांग शामिल है। इसके अलावा, जनपद बिछिया में जर्जर हो चुके प्राथमिक स्कूल व आंगनबाड़ी भवन का तत्काल नवनिर्माण करने और ग्राम कछारी को ककैय्या पंचायत से अलग कर एक स्वतंत्र पंचायत घोषित करने की मांग भी गहराई है।

आदिवासी महापंचायत ने दिया समर्थन

ओबीसी महासभा की इन जायज मांगों को ‘आदिवासी महापंचायत गढ़ा मण्डला’ का भी पूरा समर्थन मिला है। धरने में मरार टोला (माधोपुर) से हूम लाल भांवरे, रामकुमार भांवरे, रामप्रसाद भांवरे, मायाराम भांवरे, राजेश भांवरे, राजेंद्र भांवरे, लक्ष्मी भांवरे, जगन्नाथ यादव और करियागांव से संत कुमार पटैल सहित बड़ी संख्या में ओबीसी समुदाय के लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Leave a Comment