भरभराकर ढहा शासकीय प्राथमिक शाला का जर्जर भवन

ग्राम इमलीटोला में भरभराकर ढहा शासकीय प्राथमिक शाला का जर्जर भवन

  • खुले आसमान के नीचे पढऩे को मजबूर 44 आदिवासी नौनिहाल
  • ग्रामीणों ने जिला शिक्षा अधिकारी से की नए स्कूल भवन की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के विकासखंड घुघरी के अंतर्गत ग्राम पंचायत इमलीटोला में शिक्षा व्यवस्था के बुनियादी ढांचे और विभागीय अनदेखी की एक बेहद गंभीर तस्वीर सामने आई है। विगत दिवस यहां स्थित शासकीय प्राथमिक शाला की एक तरफ की जर्जर दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। गनीमत यह रही कि यह भयानक घटना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन घटी, जब विद्यालय में सार्वजनिक अवकाश था। छुट्टी होने के कारण स्कूल में कोई भी बच्चा या शिक्षक मौजूद नहीं था, जिससे एक बहुत बड़ी जनहानि और दुर्घटना टल गई। यदि यह घटना किसी सामान्य कार्यदिवस में हुई होती, तो इसके परिणाम बेहद दुखद और भयावह हो सकते थे।ग्रामीणों ने बताया कि विगत दिनों हुई लगातार बारिश के कारण स्कूल की स्थिति अब और भी ज्यादा खराब हो चुकी है। शाला भवन के एक साइड का लेंटर और दीवारें पूरी तरह से जमींदोज हो गई हैं। यह विद्यालय अब पूरी तरह से ढहने की कगार पर आ गया है, जिससे यहां कक्षाएं लगाना खतरे से खाली नहीं है। इस गंभीर समस्या और बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित ग्रामवासियों ने प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। ग्राम के हर्ष साहू ने बताया कि बच्चों के शिक्षा में बाधा ना आए इसके लिए ग्राम के अन्य लोगों के साथ मंडला जिला शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।

खुले आसमान नीचे पढऩे मजबूर बच्चे 

बताया गया कि ग्राम इमलीटोला के ग्रामीणों ने जिला शिक्षा अधिकारी, मंडला को एक लिखित आवेदन प्रस्तुत किया है। इस शिकायती पत्र के माध्यम से ग्रामीणों ने जिला शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया है कि इस शासकीय प्राथमिक शाला में कक्षा 1 से लेकर 5 तक के लगभग 44 गरीब आदिवासी बच्चे अध्ययनरत हैं। भवन के पूरी तरह से धराशायी हो जाने के कारण इन नौनिहालों की पढ़ाई पूरी तरह से ठप हो गई है। हालात यह हैं कि अब ये मासूम बच्चे खुले आसमान के नीचे बैठकर पढऩे को मजबूर हैं। बरसात के मौसम में बिना सुरक्षित छत के बच्चों का पढ़ाई करना न केवल चुनौतीपूर्ण है, बल्कि उनके स्वास्थ्य के लिए भी बड़ा खतरा है।

जल्द स्वीकृत करें भवन निर्माण की राशि 

ग्रामीणों ने प्रशासन से विनम्रतापूर्वक लेकिन दृढ़ता से कुछ प्रमुख मांगें की हैं। ग्रामीणों की मांग है कि ग्राम इमलीटोला में तत्काल प्रभाव से एक नवीन प्राथमिक शाला भवन के निर्माण के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत की जाए। इसके साथ ही बच्चों के सर्वांगीण और सांस्कृतिक विकास को ध्यान में रखते हुए स्कूल परिसर में एक छोटे रंगमंच के निर्माण की भी स्वीकृति प्रदान की जाए। ग्रामवासियों ने संबंधित अधिकारियों से इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए इसे संज्ञान में लेने का निवेदन किया है।


Leave a Comment