पत्रकार हितों पर हुआ मंथन, सीएम के नाम 11 सूत्रीय मांगों पर गूंजी आवाज

पत्रकार हितों पर हुआ मंथन, सीएम के नाम 11 सूत्रीय मांगों पर गूंजी आवाज

राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद का संभागीय अधिवेशन संपन्न

  • जबलपुर महाधिवेशन में नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ली शपथ
  • मंडला के चार पत्रकारों को सौंपी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद का जबलपुर संभागीय महाधिवेशन कचनार क्लब जबलपुर में भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस महाधिवेशन में जबलपुर संभाग सहित मंडला, कटनी, सिवनी, बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडोरी, नरसिंहपुर और करेली के पत्रकारों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और अतिथियों के सम्मान से हुई। महाधिवेशन को प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, विधायक अजय विश्नोई, अभिलाष पांडेय, पूर्व मंत्री डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया सहित परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमानंद तिवारी और राष्ट्रीय संयोजक नलिनकांत बाजपेयी ने संबोधित किया।

मुख्यमंत्री के नाम 11 सूत्रीय मांग पत्र का वाचन 

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के हितों और उनकी समस्याओं पर गहन मंथन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष राजेश दुबे ने पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री के नाम तैयार 11 सूत्रीय मांग पत्र का वाचन किया। पदाधिकारियों ने कहा कि ये मांगें पूरे प्रदेश के पत्रकारों से जुड़ी हैं और इनके समाधान के लिए शासन स्तर पर निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

मंडला जिले के पत्रकारों को मिले नए दायित्व 

संभागीय अधिवेशन में मंडला जिले की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। जिला अध्यक्ष नीरज अग्रवाल के नेतृत्व में पहुंचे पत्रकारों ने संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। मंच से मंडला जिले के चार पत्रकारों को नवीन दायित्व सौंपे गए। मंडला से रोहित बघेल को जिला महासचिव, निवास के रोहित चौकसे को जिला उपाध्यक्ष, दीपक कछवाहा को मंडला तहसील अध्यक्ष और युवा पत्रकार दीपक रजक को जिला मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। सभी को राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष रत्नेश दुबे, जिला अध्यक्ष नीरज अग्रवाल, संरक्षक हनुमान तिवारी, समाज कल्याण प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष कैलाश डेहरिया, दीपक कछवाहा, रोहित बघेल, ओम बरमैया, किशोर रजक, दीपक रजक, राजेश यादव, साकिर खान, राजेन्द्र बंजारा, आशीष वैष्णव, फारूख खान, श्रीमति उमा यादव, श्रीमति सुनीता सैयाम, श्रीमति दीप्ती नरेलिया, रक्षा नामदेव, शौकत अली, सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।

संभागीय पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण

महाधिवेशन का प्रमुख आकर्षण जबलपुर संभागीय इकाई के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह रहा। प्रदेश संगठन सचिव अनुरोध पटेरिया ने नवनियुक्त संभागीय अध्यक्ष रवींद्र शर्मा, महासचिव संजय मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता, सतीश शर्मा सहित पूरी कार्यकारिणी को संगठन के प्रति निष्ठा और पत्रकार हितों के लिए कार्य करने की शपथ दिलाई।

विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के अंतिम चरण में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। इनमें जिला एवं सत्र न्यायाधीश आशीष ताम्रकार, नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश गौर व महादेव नागोतिया, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक विनीत रजक, स्टेट बार काउंसिल सदस्य एडवोकेट आरके सिंह सैनी और हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सचिव असीम त्रिवेदी सहित कई गणमान्य नागरिक शामिल रहे। आयोजन में प्रदेश अध्यक्ष राजेश दुबे सहित परिषद के कई प्रांतीय व राष्ट्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Comment