भाजपा कार्यकर्ताओं ने देखी फिल्म हनुमान अंश
बाबा नीम करौली के चमत्कारों से हुए भाव-विभोर
- कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके ने की अपील-सभी जरूर देखें हनुमान अंश
- फिल्म के जरिए होते हैं बाबा के साक्षात दर्शन
मंडला महावीर न्यूज 29. भारतीय जनता पार्टी द्वारा 7 सितंबर को किंगफिशर मल्टीप्लेक्स में संत नीम करौली बाबा महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ का विशेष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान करीब 200 भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से फिल्म देखी। पर्दे पर बाबा की आध्यात्मिक साधना, सेवा और चमत्कारों से जुड़े प्रसंगों को देखकर कार्यकर्ता इतने भाव-विभोर हो गए कि कई दर्शकों की आंखें नम हो गईं।
कार्यक्रम के समापन पर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके ने कहा कि बाबा नीम करौली का पूरा जीवन मानवता और समाज कल्याण के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने आमजन से फिल्म देखने की अपील करते हुए कहा कि जो लोग नीम करौली धाम नहीं पहुंच सकते, उन्हें इस फिल्म के जरिए बाबा के साक्षात दर्शन जैसी अनुभूति होगी और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने भारतीय संस्कृति में संतों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बाबा के जीवन को त्याग और तपस्या का प्रतीक बताया। इस अवसर पर भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा सहित कई जनप्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।









