कान्हा टाइगर रिजर्व के 59 नेचर गाइड्स सीख रहे अंग्रेजी

विदेशी पर्यटकों से संवाद होगा आसान

कान्हा टाइगर रिजर्व के 59 नेचर गाइड्स सीख रहे अंग्रेजी

  • इको टूरिज्म बोर्ड और कान्हा प्रबंधन की संयुक्त पहल
  • 15 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण में निखारा जा रहा संचार कौशल

मंडला महावीर न्यूज 29.  विश्व प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के अनुभव को और अधिक रोमांचक व ज्ञानवर्धक बनाने के लिए एक अहम पहल की गई है। कान्हा के मुक्की परिक्षेत्र में कार्यरत नेचर गाइड्स के कौशल और संचार क्षमता को बढ़ाने के लिए 15 दिवसीय विशेष ‘इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स’ का आयोजन किया जा रहा है।मध्य प्रदेश इको टूरिज्म बोर्ड और कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 31 अगस्त 2026 को किया गया। इस विशेष शिविर में मुक्की परिक्षेत्र के 59 नेचर गाइड्स पूरी लगन के साथ सहभागिता कर रहे हैं।

पर्यटकों को मिलेगी बेहतर जानकारी

इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नेचर गाइड्स को विदेशी और गैर-हिंदी भाषी पर्यटकों के साथ अंग्रेजी भाषा में प्रभावी ढंग से संवाद करने में सक्षम बनाना है। गाइड्स को वन्यजीवों, जंगल के इको-सिस्टम और जैव-विविधता से जुड़ी रोचक जानकारियों को सरल और प्रभावशाली तरीके से (Interpretation) प्रस्तुत करने की व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है।

13 सितंबर को होगा समापन

यह 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 13 सितंबर 2026 तक चलेगा। कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन का मानना है कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से नेचर गाइड्स के आत्मविश्वास और दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यटकों को एक बेहतर और उच्च गुणवत्ता का प्रकृति अनुभव भी प्राप्त हो सकेगा।


Leave a Comment