बच्चों ने अपनी प्रतिभा से सजाया शिक्षक दिवस का मंच

बच्चों ने अपनी प्रतिभा से सजाया शिक्षक दिवस का मंच

सर्रा पिपरिया स्कूल में गुरुजनों का हुआ भव्य सम्मान

  • छात्रों ने खुद किया कार्यक्रम का संचालन
  • शिक्षकों ने कहा, सिर्फ परीक्षा पास करना नहीं
  • बल्कि जीवन की सीख है असली शिक्षा

मंडला महावीर न्यूज 29. भारतीय संस्कृति में शिक्षकों का स्थान सदैव सर्वोच्च और ईश्वर से भी बढ़कर माना गया है। इसी परंपरा और सम्मान को जीवंत करते हुए शिक्षक दिवस के अवसर पर एकीकृत माध्यमिक शाला सर्रा पिपरिया के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने विद्यालय में स्वयं एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन कर अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। बच्चों के इस स्नेह और सम्मान को देखकर सभी शिक्षक भावविभोर हो गए।

छात्रों ने संभाली कार्यक्रम की कमान 

पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा और संचालन बच्चों ने स्वयं किया। छात्र अमन मरावी के मार्गदर्शन में छात्रा विभा मर्सकोले ने मंच का बेहतरीन संचालन किया। शिक्षकों के सम्मान और आभार व्यक्त करने में नंदनी उइके, रेखा पनरिया, सोहिल आर्मो, असवंत सिंगराम, हमीनदास, श्वेता इरपाचे, किरण वलाड़ी, अनुराधा वलाडी और आशी अहके ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, छात्र अनुराग वलाडी, रागनी भलावी, निशा भलावी, अम्रता परते और प्राची उइके ने शिक्षकों के सम्मान में अपने सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए।

महापुरुषों के जीवन से दी प्रेरणा 

कार्यक्रम में शिक्षक गणेश ठाकुर, दशरथ पगाडे, महेश मरकाम और राजेश उराड़े ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन पर प्रकाश डाला। शिक्षिका पार्वती झारिया, मीना मरावी, समूह अध्यक्ष साधना मरावी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रामकली सिंगराम और जामवती सिंगराम ने बच्चों को महापुरुषों के जीवन से सीख लेकर परिवार और समाज का नाम रोशन करने का आशीर्वाद दिया। शिक्षक सुरेश श्रीवास्तव ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि सिर्फ परीक्षा उत्तीर्ण करना ही शिक्षा नहीं है, बल्कि स्कूल की छोटी-छोटी गतिविधियों से जो हम सीखते हैं, वही असली शिक्षा है जो जीवन भर काम आती है। संस्था के प्रभारी शिक्षक संजीव सोनी ने अपने गुरुजनों को याद करते हुए कहा कि उनकी शिक्षा से ही आज वे खुद शिक्षक बनकर राष्ट्रनिर्माण में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए सभी बच्चों की प्रशंसा की।

छात्र का मनाया गया जन्मदिन 

शिक्षक सम्मान समारोह के पश्चात विद्यालय की स्थापित परंपरा का निर्वहन किया गया। सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर उत्साहपूर्वक छात्र लक्ष्य उइके (कान्हा) का जन्मदिन मनाया और उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं व आशीर्वाद प्रदान किया।


Leave a Comment