चकदेही में फंसी वीआईपी गाडिय़ां, ग्रामीणों ने ली चुटकी
चकदेही में सामुदायिक भवन के लोकार्पण में फंसी वीआईपी गाडिय़ां
- ट्रैक्टर से खींचकर निकाले गए सांसद और अधिकारियों के वाहन
- कीचड़ में फंसी नेताओं की गाडिय़ां तो मुस्कुराए ग्रामीण
- फजीहत के बाद सांसद ने तत्काल मांगा पहुंच मार्ग का प्रस्ताव
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की ग्राम पंचायत चकदेही में जन-मन योजना के तहत नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण कार्यक्रम भारी बारिश और अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गया। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क न होने के कारण मुख्य अतिथि सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते सहित तमाम बड़े अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की गाडिय़ां कीचड़ में फंस गईं, जिसके बाद मौके पर भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ट्रैक्टर से खींचकर निकालनी पड़ीं गाडिय़ां
जानकारी अनुसार भवन से करीब 200 मीटर पहले ही पूरा रास्ता दलदल में तब्दील था। इस कीचड़ में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, जनपद सीईओ श्री यादव और जनपद अध्यक्ष आसाराम भारतीय समेत सभी अतिथियों के वाहन बुरी तरह दलदल में फंस गए। स्थिति इतनी खराब हो गई कि अंतत: सभी वीआईपी गाडिय़ों को ट्रैक्टर से टोचन कर बाहर निकालना पड़ा। गिरते पानी और भारी अव्यवस्थाओं के बीच अतिथियों ने किसी तरह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान निर्माण कार्य का ठेकेदार भी मौके से नदारद रहा।
फजीहत के बाद सांसद ने मांगा प्रस्ताव, ग्रामीणों ने ली चुटकी
पहुंच मार्ग की इस घोर बदहाली और आवागमन में हुई परेशानी से सभी अतिथि खासे नाराज नजर आए। खराब रास्ते को देखते हुए सांसद ने तत्काल ग्राम पंचायत से पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए प्रस्ताव मांगा है, जिससे जल्द ही सड़क के लिए राशि स्वीकृत की जा सके। वहीं दूसरी ओर इस पूरे घटनाक्रम पर स्थानीय ग्रामीण हंसते और चुटकी लेते नजर आए। ग्रामीणों का कहना था कि रोज-रोज कीचड़ से हम परेशान होते थे लेकिन कोई नहीं सुनता था। आज जब नेता और अधिकारी खुद इस दलदल में परेशान हुए हैं, तो अब जाकर हमारे गांव की सड़क बनने की उम्मीद जागी है।









