माहिष्मती वृद्धाश्रम में मनी जन्माष्टमी
बुजुर्गों ने काटा कैबिनेट मंत्री के जन्मदिन का केक
- कुर्मी समाज विकास संगठन की अनूठी पहल
- मंत्री के जन्मदिन पर युवाओं ने लिया वृद्धाश्रम मुक्त समाज बनाने का संकल्प
मंडला महावीर न्यूज 29. कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मां नर्मदा के तट पर स्थित माहिष्मती घाट वृद्धाश्रम में एक अनूठा और भावुक नजारा देखने को मिला। समूचा देश जहां जन्माष्टमी के जश्न में डूबा था, वहीं कुर्मी समाज विकास संगठन ने एक खास पहल करते हुए वृद्धाश्रम में जन्माष्टमी के साथ-साथ जिले की विधायक और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपत्तिया उइके का जन्मदिन मनाया।
बुजुर्गों से लिया आशीर्वाद
संगठन के पदाधिकारियों ने पहले मंत्री संपत्तिया उइके के गृह ग्राम टिकरवारा पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात, उनके दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए जिला प्रशासन द्वारा संचालित माहिष्मती वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के हाथों से केक कटवाया। इस खुशी के मौके पर बुजुर्गों ने भी मंत्री महोदया को अपना विशेष आशीर्वाद प्रदान किया। संगठन ने कहा कि यह उनके लिए गर्व का विषय है कि मंत्री महोदया के जन्मदिन की खुशियां उन्हें वृद्धाश्रम के आत्मीय जनों के साथ साझा करने का अवसर मिला।
युवाओं ने लिया संकल्प
इस भावुक कार्यक्रम के दौरान कुर्मी समाज विकास संगठन के पदाधिकारियों और युवाओं ने एक महत्वपूर्ण संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि उनका निरंतर यह प्रयास रहेगा कि समाज में ऐसी सकारात्मक सोच और पारिवारिक मूल्य पैदा किए जाएं, जिससे भविष्य में वृद्धाश्रमों की आवश्यकता ही महसूस न हो।
संगठन की इस अनूठी और संवेदनशील पहल से वृद्धाश्रम में रह रहे सभी बुजुर्ग काफी अभिभूत हुए। उन्होंने संगठन के सदस्यों को आशीर्वाद देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के रचनात्मक और सामाजिक सरोकार के कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।








