इमलीटोला प्राथमिक शाला की जर्जर दीवार गिरी

घुघरी के इमलीटोला प्राथमिक शाला की जर्जर दीवार गिरी

अवकाश होने के कारण टला बड़ा हादसा

  • 20 जुलाई को कलेक्टर से की गई थी शिकायत
  • घटिया निर्माण और लापरवाही ने खड़े किए बच्चों की सुरक्षा पर सवाल

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड घुघरी के अंतर्गत ग्राम पंचायत इमलीटोला स्थित शासकीय प्राथमिक शाला की एक तरफ की जर्जर दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। गनीमत यह रही कि यह घटना जन्माष्टमी के दिन हुई, जब विद्यालय में अवकाश था। छुट्टी होने के कारण बच्चे स्कूल में मौजूद नहीं थे, जिससे एक बहुत बड़ी दुर्घटना टल गई।जानकारी अनुसारी इस घटना ने प्रशासनिक अनदेखी और लापरवाही को उजागर कर दी है। विद्यालय का भवन काफी लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। ग्रामीणों ने 20 जुलाई को जिला कलेक्टर मंडला को लिखित शिकायत देकर भवन की मरम्मत कराने की मांग की थी। शिकायत के बावजूद समय रहते भवन की मरम्मत की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि स्कूल भवन के निर्माण में गुणवत्ता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा गया और घटिया निर्माण कार्य के कारण ही भवन की यह स्थिति हुई है। इस घटना से विद्यालय में पढऩे वाले बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा के ब्लॉक अध्यक्ष माधव सिंह परते ने इस मामले को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा है कि जर्जर विद्यालय भवन का तुरंत निरीक्षण कर बच्चों के लिए सुरक्षित व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही, भवन निर्माण में हुई कथित लापरवाही की उच्च स्तरीय जांच कर जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने भी कलेक्टर से अपील की है कि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विद्यालय की जल्द मरम्मत कराई जाए या नए भवन का निर्माण किया जाए।


रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️


Leave a Comment