मंडला की होनहार बेटी पीहू ने बढ़ाया जिले का मान
राष्ट्रपति भवन पहुंचकर महामहिम से की ऐतिहासिक मुलाकात
- कक्षा 7वीं में 94.29 प्रतिशत अंक हासिल कर एमपी के चुनिंदा छात्रों में बनाई जगह
- किसान की 12 वर्षीय बेटी बनी मिसाल
मंडला महावीर न्यूज 29. सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश के बावजूद हौसलों की उड़ान कितनी ऊंची हो सकती है, इसे मंडला जिले के बीजाडांडी विकासखंड की 12 वर्षीय बेटी पीहू परस्ते ने सच साबित कर दिखाया है। ग्रामीण अंचल से निकलकर देश के सर्वोच्च सदन राष्ट्रपति भवन तक का सफर तय कर पीहू ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी यह सफलता क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन गई है।

उत्कृष्ट प्रदर्शन और महामहिम से की मुलाकात
पीहू वर्तमान में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, बरबटी में कक्षा 7वीं की छात्रा हैं। पढ़ाई के प्रति गंभीर पीहू ने अपनी कक्षा में 94.29 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। इसी उत्कृष्ट शैक्षणिक योग्यता के कारण उन्हें मध्य प्रदेश के चुनिंदा प्रतिभावान बच्चों की सूची में शामिल किया गया। इसी उपलब्धि के आधार पर 26 अगस्त को पीहू को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में देश की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने का ऐतिहासिक और अविस्मरणीय सौभाग्य प्राप्त हुआ।

सफलता के पीछे माता-पिता का संघर्ष
ग्राम पंचायत टिकरिया निवासी पीहू के पिता सति लाल परस्ते एक साधारण कृषक हैं, जबकि उनकी माता कलावती परस्ते राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बीजाडांडी में बैंक सखी और बीमा सखी के रूप में सक्रिय हैं। पीहू ने अपनी इस असाधारण सफलता का श्रेय माता-पिता के कठिन परिश्रम, माँ की आत्मनिर्भरता और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया है, जिन्होंने उसे जीवन में कुछ बड़ा करने की प्रेरणा दी।










